बच्चे की पिटाई की शिकायत करने गए मजदूर का रॉड से तोड़ा हाथ, इलाज के पैसे नहीं
5:35 PM, Aug 22, 2026
R Express भारत
Share:
गुडंबा इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक मासूम बच्चे की पिटाई का विरोध करना उसके पिता को बेहद भारी पड़ गया।

लखनऊ में दबंगों का कहर फोटो सौ0 RExpress भारत
लखनऊ। गुडंबा इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक मासूम बच्चे की पिटाई का विरोध करना उसके पिता को बेहद भारी पड़ गया। दबंगों ने शिकायत करने आए मासूम के पिता पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। इस बर्बरता में गरीब मजदूर का हाथ कई जगह से टूट गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
पूरी घटना अतरौली मोड़ इलाके की है। यहाँ रहने वाले राजेंद्र मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालते हैं। राजेंद्र की पत्नी गुड़िया ने बताया कि बीती 20 अगस्त की शाम को करीब साढ़े सात बजे पड़ोसी बलराम के बेटे ने उनके छोटे बच्चे को बिना वजह बुरी तरह पीट दिया था। जब राजेंद्र एक जिम्मेदार पिता की तरह इसकी शिकायत करने बलराम के घर पहुंचे, तो वहाँ बात सुलझने के बजाय बिगड़ गई। बलराम और उसके साथियों ने आव देखा न ताव, राजेंद्र पर सीधा हमला बोल दिया।
इलाज के लिए पैसे नहीं, तड़प रहा पीड़ित
आरोप है कि, बलराम ने अपने साथी अमित, अरुण और मिथुन के साथ मिलकर राजेंद्र को घेर लिया। इसके बाद चारों ने मिलकर लोहे की रॉड से राजेंद्र पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। राजेंद्र जान बचाने के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन दबंगों का दिल नहीं पघला। इस बेरहमी से राजेंद्र का हाथ फ्रैक्चर हो गया। गुड़िया के मुताबिक, डॉक्टरों ने राजेंद्र के इलाज और ऑपरेशन का खर्च करीब 25 से 30 हजार रुपये बताया है। मजदूरी बंद होने और घर में जमापूंजी न होने के कारण परिवार इस समय बेहद लाचार है और इलाज के लिए दर-दर भटक रहा है।
इलाके में तनाव, आरोपियों की तलाश जारी
इस खूनी संघर्ष के बाद से ही अतरौली मोड़ इलाके के लोगों में भारी गुस्सा है। वारदात के तुरंत बाद चारों आरोपी अपना घर छोड़कर भाग निकले। इधर पुलिस ने गुड़िया की शिकायत पर चारों नामजद आरोपियों बलराम, अमित, अरुण और मिथुन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। गुडंबा थाना प्रभारी अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की पूरी छानबीन की जा रही है। पुलिस की टीमें फरार आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही सबको सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

