लखनऊ: जमीन के नाम पर ₹17 लाख की ठगी, मुकदमा दर्ज
1:36 PM, Nov 11, 2026
R Express भारत
Share:
लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके से धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति पर जमीन दिलाने का झांसा देकर एक परिवार से लाखों रुपये हड़पने का आरोप लग

photo by - ( AI )
उत्तर प्रदेश।लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके से धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति पर जमीन दिलाने का झांसा देकर एक परिवार से लाखों रुपये हड़पने का आरोप लगा है। पीड़ित महिला की शिकायत पर स्थानीय पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जमीन का झांसा देकर ठगे लाख रुपये
यह मामला मोहनलालगंज के ग्राम सिसेन्डी का है। पीड़ित महिला लक्ष्मी बाथम ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि साल 2018 में उनके गांव के ही रहने वाले राजेश कुमार जायसवाल उर्फ राजू जायसवाल ने उनके पति स्वर्गीय मुन्ना बाथम को ग्राम मंगटइया में जमीन दिलाने का भरोसा दिया था। आरोपी ने जमीन के सौदे के नाम पर अलग-अलग किस्तों में कुल 17 लाख रुपये ले लिए। लक्ष्मी बाथम के मुताबिक, उनके पति से आरोपी ने करीब 7 लाख रुपये और 3 लाख रुपये नकद लिए थे। इसके अलावा, मार्च 2018 के आस-पास आरोपी ने उनके पति से दो चेक भी लिए, जिनमें से एक चेक 5 लाख रुपये और दूसरा 2 लाख रुपये का था।
चेक के जरिए बैंक खातों में ट्रांसफर कराई रकम
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि लक्ष्मी बाथम के पति ज्यादा पढ़े-लिखे नहीं थे, जिसका फायदा आरोपी ने उठाया। उसने चेक पर बिना किसी का नाम लिखवाए केवल हस्ताक्षर और राशि भरवाकर ले ली। बाद में आरोपी ने चालाकी से 2 लाख रुपये की रकम एक बैंक खाते में ट्रांसफर कर ली और 5 लाख रुपये की बड़ी रकम एक सर्विस स्टेश के खाते में जमा करवा दी। पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने आरोपी की बातों पर पूरा भरोसा करके यह भुगतान किया था।
पति की मौत के बाद खुलती गई पोल
जमीन के लिए पैसे देने के कुछ समय बाद ही, साल 2018 में लक्ष्मी बाथम के पति मुन्ना बाथम का निधन हो गया। पति की मौत के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई। लक्ष्मी बाथम के तीन बच्चे हैं और घर में कमाने वाला कोई दूसरा जरिया नहीं बचा। आर्थिक तंगी से परेशान होकर जब महिला ने आरोपी राजेश जायसवाल से जमीन की रजिस्ट्री करने को कहा, तो वह लगातार टाल-मटोल करने लगा।
महिला का आरोप है कि बीते 8 सालों से आरोपी उन्हें केवल आश्वासन देता रहा। बीच में आरोपी ने धोखाधड़ी को छुपाने के लिए किसी दूसरे व्यक्ति के जमीन के कागजात दिखाकर पीड़ित परिवार को गुमराह करने की भी कोशिश की और एक फर्जी किसान से भी मिलवाया।
पैसे लौटाने और जमीन देने से किया इनकार
जब लक्ष्मी बाथम को अहसास हुआ कि उनके साथ धोखा हुआ है, तो उन्होंने आरोपी से अपने 17 लाख रुपये वापस मांगे। इस पर आरोपी राजेश जायसवाल ने न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई और न ही पीड़ित महिला के पैसे वापस करने को तैयार हुआ। आरोप है कि पैसे हड़पने की नीयत से आरोपी लगातार महिला को परेशान कर रहा है। थक-हारकर पीड़िता ने पुलिस प्रशासन की शरण ली और न्याय की गुहार लगाई।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
पीड़ित महिला की तहरीर के आधार पर पुलिस ने 10 नवंबर को सिसेन्डी निवासी आरोपी राजेश कुमार जायसवाल के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर इस पूरे मामले की कमान उपनिरीक्षक अनूप कुमार सिंह को सौंपी गई है, जो मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं। थाना प्रभारी राम बाबू सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


