लखनऊ: संदिग्ध हालात में ड्राइवर की मौत, रिश्तेदार पर जहर देने का आरोप
2:13 PM, Oct 11, 2026
R Express भारत
Share:
खनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ हसनापुर खेवली के रहने वाले 25 वर्षीय अनुज सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों मे

अनुज सिंह की फोटो सौ0 RExpress भारत
लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ हसनापुर खेवली के रहने वाले 25 वर्षीय अनुज सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अनुज एक निजी डेयरी फैक्ट्री में गाड़ी चलाने का काम करते थे। शनिवार को छुट्टी के दिन वह सुबह घर से टहलने निकले थे, लेकिन शाम को उनकी लाश नुमा हालत देखकर पूरे परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता ने अपने ही एक रिश्तेदार और उसके दोस्त पर शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
ऑटो से मरणासन्न हालत में छोड़ भागे आरोपी
परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, अनुज शनिवार सुबह करीब 10 बजे पैदल घूमने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके बाद शाम करीब पौने आठ बजे उनके घर के सामने रहने वाले चचेरे भाई के नाती राजन और उसका दोस्त रवि शर्मा एक ऑटो से वहां पहुंचे। दोनों ने अनुज को बेहद नाजुक और मरणासन्न हालत में घर के बाहर सड़क पर छोड़ दिया और तुरंत मौके से भाग निकले। बेटे की यह हालत देख पिता जितेंद्र सिंह बदहवास हो गए। वह आनन-फानन में अनुज को इलाज के लिए पीजीआई के ट्रामा-2 ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुरानी रंजिश और मोबाइल-पैसा चोरी का विवाद
मृतक के पिता जितेंद्र सिंह ने इस मामले में राजन और रवि शर्मा के खिलाफ मोर्चा खोला है। उन्होंने बताया कि राजन के साथ उनकी पुरानी दुश्मनी चल रही है। विवाद की शुरुआत दो दिन पहले ही हो गई थी। गुरुवार को जब अनुज घर में सो रहा था, तब उसका मोबाइल, एक हजार रुपये, पैन कार्ड और आधार कार्ड गायब हो गए थे। अनुज ने जब थाने जाकर शिकायत करने की चेतावनी दी, तो शुक्रवार को राजन ने डरकर मोबाइल तो वापस कर दिया, लेकिन रुपये और जरूरी दस्तावेज अपने पास ही रख लिए थे।
नवरात्र में बजने वाली थी शहनाई, पसरा मातम
इस घटना ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन ली हैं। अनुज तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था और उसकी शादी पक्की हो चुकी थी। इसी नवरात्र में उसकी सगाई की रस्में पूरी होनी थीं, जिससे मां विमला देवी और पिता जितेंद्र सिंह बेहद खुश थे। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने सब कुछ तबाह कर दिया। फिलहाल, परिजनों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए राजन को पकड़ लिया गया है और उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है, जबकि दूसरा आरोपी रवि शर्मा अभी गिरफ्त से बाहर है।

