लखनऊ पुलिस ने फर्जी आधार और बैंक खातों से ठगी करने वाले एक शातिर गैंग का किया भंडाफोड़
4:32 PM, Jul 23, 2026
R Express भारत
Share:
हज़रतगंज की पुलिस टीम को एक बहुत बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक ऐसे चालाक गिरोह को दबोचा है जो सीधे-साधे लोगों को अपनी बातों में फंसाकर उनसे लाखों रुपये

शातिर गैंग का भंडाफोड़ फोटो सौ0 RExpress भारत
लखनऊ। हज़रतगंज की पुलिस टीम को एक बहुत बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक ऐसे चालाक गिरोह को दबोचा है जो सीधे-साधे लोगों को अपनी बातों में फंसाकर उनसे लाखों रुपये ऐंठ लेता था। ये लोग फर्जी पहचान पत्रों का इस्तेमाल करके बैंकों में खाते खुलवाते थे और फिर ठगी के पैसे को उन खातों में ट्रांसफर कर लेते थे।
इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए एडीसीपीजितेंद्र दुबे ने बताया कि, पुलिस टीम काफी समय से इस डिजिटल ठग गैंग की तलाश में थी। मुखबिर और साइबर सेल की मदद से पुलिस ने जाल बिछाकर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में दो पुरुष और एक महिला शामिल है। यह महिला गैंग में बेहद अहम भूमिका निभा रही थी और फर्जी कॉलिंग के जरिए लोगों को अपने झांसे में लेती थी।
कैसे देते थे वारदात को अंजाम?
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि, यह गैंग बेहद शातिर तरीके से काम करता था। सबसे पहले ये लोग दूसरों के असली दस्तावेजों में हेरफेर करके या पूरी तरह नकली आधार कार्ड तैयार करते थे। इसके बाद, इन फर्जी आईडी की मदद से अलग-अलग बैंकों में 'म्यूल अकाउंट' (दूसरों के नाम पर खोले गए डमी खाते) खुलवाए जाते थे।खाता एक्टिव होते ही गैंग का कॉलिंग नेटवर्क एक्टिव हो जाता था। ये लोग आम जनता को लॉटरी, बैंक अपडेट या सस्ते लोन का लालच देकर फर्जी कॉल करते थे। जैसे ही कोई इनके झांसे में आकर पैसे ट्रांसफर करता, ये तुरंत उन पैसों को फर्जी खातों में मंगाकर गायब कर देते थे।
भारी मात्रा में सामान बरामद
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से पुलिस को ठगी का बड़ा जखीरा मिला है।इनके पास से पुलिस ने 23 एटीएम कार्ड,13 बैंक पासबुक,9 चेक बुक और 5 स्मार्टफोन जब्त किया है।इसके साथ ही, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इन ठगों के बैंक खातों को ब्लॉक करवा दिया है। इन खातों में मौजूद 5 लाख रुपये की रकम को फ्रीज कर दिया गया है, ताकि यह पैसा ठगों के हाथ न लग सके।
एडीसीपी ने बताया कि, इस गैंग के तार कई अन्य राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं। इस रैकेट में कुछ और लोग भी शामिल हैं जो अभी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। पुलिस की टीमें लगातार उनके ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और दावा है कि जल्द ही बाकी बचे आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा।

