होमवीडियो
sliderimg
sliderimg

लखनऊ: सोता रहा परिवार, छत के रास्ते घुसे चोर लाखों का माल ले उड़े

11:04 AM, Nov 18, 2026

मुस्कान​ सिंह
R Express भारत

Share:

लखनऊ के काकोरी इलाके में इन दिनों चोरों के हौसले काफी बुलंद नजर आ रहे हैं। ताजा मामला काकोरी के मौंदा गांव का है, जहां देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक घर को अ

लखनऊ: सोता रहा परिवार, छत के रास्ते घुसे चोर लाखों का माल ले उड़े

photo by - ( chat GPT )

लखनऊ के काकोरी इलाके में इन दिनों चोरों के हौसले काफी बुलंद नजर आ रहे हैं। ताजा मामला काकोरी के मौंदा गांव का है, जहां देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक घर को अपना निशाना बनाया और करीब 6 से 7 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने व नकदी समेटकर फरार हो गए। इस घटना के बाद से पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग रात्रि सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक, मौंदा गांव निवासी बृजेश पाल के घर में यह वारदात हुई है। जिस वक्त चोरों ने घर में सेंध लगाई, उस समय बृजेश पाल अपनी ड्यूटी पर गए हुए थे। घर के अंदर उनकी पत्नी और दो छोटे बच्चे सो रहे थे। बताया जा रहा है कि रात करीब 2 से 3 बजे के बीच बदमाश छत के रास्ते मकान के अंदर दाखिल हुए। चोरों ने बड़ी ही सफाई से कमरों की तलाशी ली और अलमारी में रखे कीमती आभूषण व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। परिवार के सदस्यों को इसकी भनक तक नहीं लगी।

सुबह जब घर के लोगों की आंख खुली और कमरे का सामान बिखरा हुआ देखा, तो उनके होश उड़ गए। अलमारी का लॉक टूटा हुआ था और अंदर रखे सारे जेवर व पैसे गायब थे। पीड़ित परिवार ने तुरंत इसकी सूचना बृजेश पाल और स्थानीय लोगों को दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। पीड़ित का कहना है कि चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 6 से 7 लाख रुपये के आसपास है।

हैरानी की बात यह है कि इसी रात बदमाशों ने इसी गांव के एक स्थानीय पत्रकार के घर को भी निशाना बनाने की कोशिश की थी। चोरों ने पीछे के दरवाजे का कुंडा तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया, लेकिन खटपट की आवाज सुनकर घरवाले जाग गए। परिजनों के शोर मचाने पर बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले।

एक ही रात में दो घरों में हुई इन वारदातों से ग्रामीणों में काफी नाराजगी है। पीड़ित बृजेश पाल ने स्थानीय चौकी और थाने में लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की जानकारी दी है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया है और आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके। फिलहाल, इलाके के लोगों ने रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है।

विज्ञापन

विज्ञापन

सम्बंधित खबर

अपना शहर

और देखें

विज्ञापन

Follow Us:

Download App

Play Store

Subscribe Now

Play StoreR Express Bharat
Develop & Design by SpriteEra IT Solutions

Copyright © RexpressBharat, 2026