दहेज के लिए विवाहिता को जहर देकर मार डाला, पति समेत 4 पर केस दर्ज
5:25 PM, Jul 23, 2026
R Express भारत
Share:
ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में लालच और बेरहमी ने एक हंसती-खेलती महिला की जान ले ली। राजा बिहारी कॉलोनी में रहने वाली आरती नाम की महिला की संदिग्ध परिस्थितियों

मृतका अपने पति के साथ फोटो सौ0RExpress भारत
लखनऊ।ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में लालच और बेरहमी ने एक हंसती-खेलती महिला की जान ले ली। राजा बिहारी कॉलोनी में रहने वाली आरती नाम की महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों का सीधा आरोप है कि ससुराल वालों ने उनकी बेटी को पहले बुरी तरह प्रताड़ित किया और फिर जहर देकर मौत के घाट उतार दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा है और मायके परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है
जानकारी के मुताबिक, माल इलाके के आजादनगर (रामनगर) के रहने वाले विमलेश ने अपनी बहन आरती की शादी करीब पांच साल पहले ठाकुरगंज के सूरज उर्फ गोलू के साथ बड़े अरमानों से की थी। शुरुआत में तो सबकुछ ठीक-ठाक चलता रहा, लेकिन धीरे-धीरे ससुराल वालों का असली रंग सामने आने लगा। आरती के भाई विमलेश ने बताया कि कुछ समय बाद ही पति सूरज, सास अंजता, बड़ी ननद रेखा और ननदोई राजकुमार ने आरती को कम दहेज के लिए ताने देना और तंग करना शुरू कर दिया था।
सोने की चेन, नकदी और प्लॉट की थी डिमांड
आरोप है कि, आरती के ससुराल वाले लगातार मायके से एक सोने की चेन, दो लाख रुपये नकद और एक कीमती प्लॉट नाम करने का दबाव बना रहे थे। जब आरती ने अपने गरीब मायके वालों की मजबूरी सामने रखी, तो उस पर जुल्मों का पहाड़ टूट पड़ा। मांग पूरी न होने की वजह से आरती के साथ रोज मारपीट की जाती थी, उसे गंदी-गंदी गालियां दी जाती थीं। हद तो तब हो गई जब उसे समय पर खाना और जीने के लिए जरूरी चीजें तक देना बंद कर दिया गया। आरती हर बार इस उम्मीद में सबकुछ सहती रही कि शायद कभी हालात बदलेंगे।
जहर देकर वारदात को खुदकुशी दिखाने की कोशिश
पीड़ित भाई का आरोप है कि 21 जुलाई को ससुराल वालों के सब्र का बांध टूट गया। दहेज की मांग पूरी न होते देख पति, सास, ननद और ननदोई ने मिलकर आरती को जबरन जहर खिला दिया। जब उसकी मौत हो गई, तो आरोपियों ने चालाकी दिखाते हुए इस पूरी वारदात को खुदकुशी का रूप देने की कोशिश की, ताकि वे कानून के शिकंजे से बच सकें। लेकिन मायके वालों को खबर मिलते ही उन्होंने तुरंत एक्शन लिया।
पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश
आरती के भाई की शिकायत पर ठाकुरगंज पुलिस ने तुरंत कदम उठाते हुए पति सूरज, सास अंजता, ननद रेखा और ननदोई राजकुमार के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के जरिए मौत की असली वजह तलाश रही है और नामजद आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

