जयपुर में महा-स्कैम: उम्रकैद का कैदी जेल से थाईलैंड घूम आया!
12:32 PM, Nov 10, 2026
R Express भारत
Share:
राजस्थान से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरी जेल व्यवस्था और कानून के दावों की धज्जियां उड़ाकर रख दी हैं। जयपुर के सांगानेर की खुली जेल में उ

खुली जेल का कैदी बिना बताए विदेश घूम आया फोटो सौ0 RExpress भारत
राजस्थान से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरी जेल व्यवस्था और कानून के दावों की धज्जियां उड़ाकर रख दी हैं। जयपुर के सांगानेर की खुली जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा एक शातिर अपराधी पुलिस और प्रशासन की आंखों में धूल झोंककर पांच दिनों के लिए थाईलैंड की सैर कर आया। सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह है कि जब वह विदेश में मौज-मस्ती कर रहा था, तब जेल के रिकॉर्ड में उसे रोजाना हाजिर दिखाया जा रहा था। इस पूरे खेल का पर्दाफाश तब हुआ, जब वह एक दूसरी वारदात में पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
डेटिंग ऐप मर्डर का विलेन है दीक्षांत कामरा
यह पूरी कहानी दीक्षांत कामरा नाम के एक कैदी की है। दीक्षांत कोई छोटा-मोटा अपराधी नहीं है, बल्कि वह साल 2018 के चर्चित दुष्यंत शर्मा हत्याकांड का मुख्य दोषी है। उसने एक बिजनेसमैन को डेटिंग ऐप के जाल में फंसाकर अगवा किया था, फिरौती मांगी थी और बाद में उसकी बेरहमी से जान ले ली थी। इस खौफनाक जुर्म के लिए अदालत ने उसे ताउम्र जेल में रहने की सजा सुनाई थी। अच्छे बर्ताव का हवाला देकर उसे सांगानेर की खुली जेल में शिफ्ट किया गया था, जहाँ कैदियों को थोड़ी आजादी मिलती है। लेकिन किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि वह इस आजादी का ऐसा नाजायज फायदा उठाएगा।
5 दिन की बैंकॉक ट्रिप और जेलर की मेहरबानी!
मिली जानकारी के मुताबिक, दीक्षांत कामरा बिना किसी को बताए चुपचाप भारत से बाहर निकल गया। वह 9 से 13 अक्टूबर 2025 तक थाईलैंड में घूमता रहा। अब सवाल यह उठता है कि जेल से गायब होने के बाद भी किसी को पता क्यों नहीं चला? दरअसल, इस पूरे मामले में जेल के अंदर का ही एक बड़ा खेल सामने आया है। जेल के शिविर प्रभारी हापुराम उसकी सुबह और शाम दोनों वक्त हाजिरी रजिस्टर में दर्ज करते रहे। प्रभारी की इस 'मदद' की वजह से कागजों पर दीक्षांत कभी जेल से गायब ही नहीं हुआ।
अफीम के साथ पकड़ा गया, तो खुली पोल
इस शातिर कैदी का यह कारनामा हमेशा के लिए दफन हो जाता, अगर वह दोबारा एक गलती न करता। 3 नवंबर 2026 को पुलिस ने एक कार को रोका, जिसमें दीक्षांत सवार था। पुलिस ने जब तलाशी ली, तो उसके पास से 40 ग्राम अफीम बरामद हुई। ड्रग्स मिलने के बाद जब पुलिस ने उसकी और गाड़ी की बारीकी से जांच की, तो उसके पास से उसका पासपोर्ट हाथ लग गया। पुलिस ने जब पासपोर्ट के पन्नों को पलटा, तो अधिकारियों के होश उड़ गए। पासपोर्ट पर थाईलैंड आने-जाने के इमिग्रेशन स्टैंप लगे हुए थे।
जेल महकमे में मची खलबली, प्रभारी सस्पेंड
कैदी के विदेश घूमने की बात जैसे ही सामने आई, जेल प्रशासन के पैरों तले जमीन खिसक गई। आनन-फानन में मामले की जांच बैठाई गई। पहली गाज उस शिविर प्रभारी हापुराम पर गिरी है, जो उसकी फर्जी हाजिरी लगा रहा था। उसे तुरंत सस्पेंड कर दिया गया है। पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि एक उम्रकैद का कैदी बिना एनओसी के पासपोर्ट बनवाने या उसे रिन्यू कराने में कैसे कामयाब रहा और इस पूरे वीआईपी ट्रीटमेंट के पीछे कितने लाख रुपये का लेन-देन हुआ है। इस घटना ने साफ कर दिया है कि अगर जेब में पैसा हो, तो सलाखें भी अपराधियों को देश छोड़ने से नहीं रोक सकतीं।


