पति का हाल पूछने के बहाने घर में घुसा अधेड़, महिला से बदसलूकी के आरोप में गिरफ्तार
5:26 PM, Nov 4, 2026
R Express भारत
Share:
इंसानियत को शर्मसार करते हुए एक 55 साल के शख्स ने घर में अकेली महिला को अपनी हवस का शिकार बनाने की कोशिश की। हालांकि, महिला की सूझबूझ और हिम्मत के आगे आरोप

घर में अकेली महिला से छेड़छाड़ करने वाला राममिलन गिरफ्तार फोटो सौ0RExpress भारत
उत्तर प्रदेश।लखनऊ के ग्रामीण इलाके महिगवां में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां इंसानियत को शर्मसार करते हुए एक 55 साल के शख्स ने घर में अकेली महिला को अपनी हवस का शिकार बनाने की कोशिश की। हालांकि, महिला की सूझबूझ और हिम्मत के आगे आरोपी के मंसूबे कामयाब नहीं हो सके। पीड़िता की शिकायत पर सक्रिय हुई महिगवां पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया है।
हालचाल जानने के बहाने आया था आरोपी
यह पूरी घटना महिगवां इलाके के मुसपिपरी गांव की है। जानकारी के मुताबिक, बीती 2 नवंबर को गांव का ही रहने वाला राममिलन सिंह पीड़ित महिला के घर पहुंचा। वह महिला के पति की बीमारी का हालचाल जानने के बहाने घर के भीतर दाखिल हुआ था। उस वक्त महिला घर में बिल्कुल अकेली थी। सूने घर और अकेलेपन का फायदा उठाकर राममिलन की नीयत डोल गई। उसने महिला के साथ जोर-जबरदस्ती शुरू कर दी और उसके सम्मान को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया।
महिला के शोर मचाने पर भागा
पीड़ित महिला ने हिम्मत नहीं हारी और खुद को बचाते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। महिला की आवाज सुनकर जब आसपास के लोग जुटने लगे, तो आरोपी राममिलन सिंह पकड़े जाने के डर से मौके से दुम दबाकर भाग निकला। इस घटना के बाद पीड़िता बुरी तरह डर गई थी। अगले दिन यानी 3 नवंबर को उसने अपने परिवार के साथ जाकर महिगवां थाने में आपबीती सुनाई और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने जाल बिछाकर दबोचा
महिला की शिकायत मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर महिगवां के थाना प्रभारी राधेश्याम मौर्य के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई, जिसमें सब-इंस्पेक्टर अंसार अहमद और शशांक शुक्ला को शामिल किया गया। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया और 4 नवंबर की सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे उसे महिगवां इलाके से ही घेराबंदी करके दबोच लिया।
खेती-मजदूरी करता है आरोपी
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी की पहचान 55 वर्षीय राममिलन सिंह के रूप में हुई है, जो कि मूल रूप से हिम्मतपुरवा गांव का रहने वाला है और पेशे से खेती-मजदूरी का काम करता है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ महिलाओं के खिलाफ होने वाले गंभीर अपराधों की नई धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। इस त्वरित कार्रवाई के बाद इलाके की महिलाओं ने राहत की सांस ली है।


