शटर उखाड़कर 7 लाख के मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान साफ, पुलिस गश्त पर उठे सवाल
2:53 PM, Jul 23, 2026
R Express भारत
Share:
लखनऊ के काकोरी इलाके में चोरों ने सुरक्षा दावों की धज्जियां उड़ाते हुए एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। यहाँ एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान को निशाना बनाकर चोरों ने

दुकान का शटर टूट दिखाई दिया सौ 0 RExpress भारत
लखनऊ के काकोरी इलाके में चोरों ने सुरक्षा दावों की धज्जियां उड़ाते हुए एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। यहाँ एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान को निशाना बनाकर चोरों ने करीब 7 लाख रुपये कीमत के कीमती मोबाइल फोन और दूसरे उपकरण पार कर दिए। चोर इतनी फुर्ती से आए कि किसी को कानों-कान खबर तक नहीं हुई। सुबह जब स्थानीय लोगों ने दुकान का नजारा देखा, तो इलाके में हड़कंप मच गया। फिलहाल पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है, लेकिन स्थानीय जनता में रात की सुरक्षा को लेकर भारी गुस्सा है।
शटर तोड़कर दुकान में घुसे चोर
यह पूरी घटना काकोरी के बहरु रोड स्थित टिकरिया गांव के मोड़ की है। यहाँ विश्वजीत यादव नाम के स्थानीय व्यवसाई की इलेक्ट्रॉनिक सामान और मोबाइल की दुकान है। रोज की तरह विश्वजीत बुधवार को भी अपनी दुकान बढ़ा कर घर गए थे। रात के सन्नाटे का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने दुकान पर धावा बोल दिया। चोरों ने भारी औजारों की मदद से दुकान का मजबूत लोहे का शटर उखाड़ दिया और अंदर दाखिल हो गए।
दुकान के भीतर घुसते ही चोरों ने कीमती सामानों पर हाथ साफ करना शुरू कर दिया। पीड़ित दुकानदार के मुताबिक, चोरों ने दुकान में रखे नए ब्रांडेड मोबाइल फोन और अन्य महंगे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स बटोरे और रफूचक्कर हो गए। अनुमान लगाया जा रहा है कि चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 7 लाख रुपये के आस-पास है।
सुबह ग्रामीणों ने देखा नजारा
वारदात का पता गुरुवार की सुबह तब चला जब टिकरिया गांव के कुछ ग्रामीण उस रास्ते से गुजरे। उन्होंने देखा कि विश्वजीत की दुकान का शटर बीच से मुड़ा और टूटा हुआ है। अनहोनी की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत फोन कर दुकानदार विश्वजीत यादव को इसकी जानकारी दी। खबर मिलते ही बदहवास हालत में पीड़ित दुकानदार मौके पर पहुँचा। दुकान के अंदर का बिखरा सामान और खाली रैक देखकर उनके होश उड़ गए। इसके तुरंत बाद स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
चोरी की इतनी बड़ी वारदात की सूचना मिलते ही काकोरी थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ित दुकानदार की तरफ से दी गई शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। इलाके के इंस्पेक्टर सतीश राठौर ने बताया कि चोरों की तलाश के लिए जाल बिछा दिया गया है। दुकान के आस-पास और बहरु रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि बदमाशों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान का सुराग मिल सके।
ग्रामीणों में नाराजगी
वहीं दूसरी ओर, इस घटना के बाद से स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का साफ कहना है कि, इलाके में रात के समय पुलिस की गश्त सिर्फ कागजों पर चल रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अगर पुलिस की गाड़ियां रात में सही तरीके से पेट्रोलिंग करतीं, तो मुख्य सड़क पर स्थित दुकान का शटर टूटने की आवाज जरूर सुनाई देती और इतनी बड़ी वारदात को रोका जा सकता था। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि बाजार क्षेत्र में रात की सुरक्षा बढ़ाई जाए और चोरों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए।

