लखनऊ के कुर्सी रोड पर चला नगर निगम का डंडा: 25 दुकानदारों पर लगा जुर्माना, एक ट्रक सामान जब्त
6:50 PM, Jul 27, 2026
R Express भारत
Share:
लखनऊ में सड़क किनारे अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने अब पूरी तरह से कमर कस ली है। सोमवार को कुर्सी रोड इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब नगर निग

जेसीबी कुर्सी रोड के किनारे अवैध कब्जा हटाते हुए फोटो सौ0 RExpress भारत
उत्तर प्रदेश।लखनऊ में सड़क किनारे अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने अब पूरी तरह से कमर कस ली है। सोमवार को कुर्सी रोड इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब नगर निगम जोन-3 की टीम भारी पुलिस बल के साथ सड़कों पर उतरी। टीम ने टेढ़ी पुलिया से लेकर सरगम अपार्टमेंट तक ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए फुटपाथ और मुख्य सड़क को पूरी तरह से खाली करा दिया। इस औचक कार्रवाई से इलाके के रेहड़ी-पटरी वालों और दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अक्सर देखा जाता है कि, कुर्सी रोड जैसे व्यस्त इलाके में दुकानदारों द्वारा सड़क और फुटपाथ पर अपनी दुकानें बढ़ा ली जाती हैं। इसकी वजह से यहां रोज लंबा जाम लगता है और पैदल चलने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। आम जनता की इसी परेशानी को देखते हुए नगर निगम के अतिक्रमण प्रभारी राजीव शर्मा की अगुवाई में यह विशेष अभियान चलाया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क पर अवैध रूप से लगाए गए तख्त, टीनशेड और ठेलों को हटाना शुरू कर दिया।
25 दुकानों पर गिरी गाज, वसूला गया मोटा जुर्माना
इस बड़ी कार्रवाई के दौरान नियमों को ताक पर रखकर दुकान चलाने वाले 25 दुकानदारों को रंगे हाथों पकड़ा गया। अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाते हुए इन सभी 25 दुकानदारों का चालान काट दिया। इसके साथ ही मौके पर ही कुल 15 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। कार्रवाई यहीं नहीं रुकी; जो लोग बार-बार चेतावनी देने के बाद भी पीछे हटने को तैयार नहीं थे, उनका सामान जब्त कर लिया गया। नगर निगम की टीम ने अवैध कब्जे में इस्तेमाल हो रहा करीब एक ट्रक सामान भरकर अपने साथ ले गई।
दुकानदारों ने किया हंगामा, पुलिस ने संभाला मोर्चा
जब नगर निगम की जेसीबी और कर्मचारी सामान हटाने लगे, तो कुछ स्थानीय दुकानदारों ने इसका पुरजोर विरोध किया। दुकानदारों और टीम के बीच काफी तीखी बहस भी हुई और व्यापारियों ने अपनी नाराजगी जाहिर की। हालांकि, प्रशासन पहले से ही पूरी तैयारी के साथ आया था। मौके पर मौजूद भारी पुलिस बल ने तुरंत स्थिति को संभाला और विरोध कर रहे लोगों को पीछे धकेल दिया। पुलिस की सख्ती के कारण हंगामा कर रहे लोग बैकफुट पर आ गए और पूरा अभियान बिना किसी बड़ी बाधा या टकराव के शांतिपूर्वक पूरा हो गया।
कार्रवाई के बाद नगर निगम के अधिकारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि, यह कोई एक दिन की कार्रवाई नहीं है। शहर को जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने और राहगीरों के लिए फुटपाथ खाली कराने का यह अभियान आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने दुकानदारों से अपील की है कि वे अपनी तय सीमा के भीतर ही व्यापार करें, अन्यथा अगली बार और भी ज्यादा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और सामान वापस नहीं मिलेगा।

