संदिग्ध हालात में नवविवाहिता की मौत, अस्पताल में शव छोड़कर भागे ससुराल वाले
4:08 PM, Aug 5, 2026
R Express भारत
Share:
लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत जनता विहार, सलेमपुर पतौरा में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक 25 वर्षीय नवविवाहिता तैयबा खातून की सं

तैयबा खातून की फोटो सौ0 RExpress भारत
लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत जनता विहार, सलेमपुर पतौरा में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक 25 वर्षीय नवविवाहिता तैयबा खातून की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग मृतका के शव को रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल में लावारिस हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। इस सनसनीखेज वारदात के बाद मायके वालों की तहरीर पर पुलिस ने पति और ससुर समेत ससुराल वालों के खिलाफ दहेज हत्या का संगीन मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर जिले के उतरौला की रहने वाली 25 वर्षीय तैयबा खातून का विवाह फरवरी 2025 में पारा के जनता विहार (सलेमपुर पतौरा) निवासी अब्दुल रहमान के साथ बड़े ही अरमानों के साथ हुआ था। परिजनों को उम्मीद थी कि, बेटी एक खुशहाल जिंदगी जिएगी, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही उसकी खुशियों को दहेज के लोभियों की नजर लग गई।
फोन पर मिली हालत गंभीर होने की सूचना
मृतका के भाई हबीबुर रहमान ने बताया कि मंगलवार रात को अचानक तैयबा के ससुर इसराइल का फोन आया। उन्होंने बेहद घबराए हुए लहजे में कहा कि तैयबा की तबीयत बहुत गंभीर है और उसे इलाज के लिए रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल ले जाया गया है। यह अप्रत्याशित सूचना मिलते ही बलरामपुर से मायके वाले आनन-फानन में लखनऊ के लिए रवाना हो गए। जब वे अस्पताल पहुँचे, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। अस्पताल प्रशासन से पता चला कि तैयबा इस दुनिया को अलविदा कह चुकी है और उसके ससुराल वाले शव को वहीं छोड़कर भाग चुके हैं।
शरीर पर मिले मारपीट और चोट के निशान
भाई हबीबुर रहमान का आरोप है कि जब उन्होंने अपनी बहन के शव को देखा, तो उसके शरीर पर जगह-जगह बेरहमी से की गई मारपीट के गहरे निशान मौजूद थे। सबसे ज्यादा संदिग्ध निशान मृतका के गले पर थे, जिससे गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
झूठ की बुनियाद पर टिकी थी शादी
परिजनों ने खुलासा किया कि शादी के वक्त ससुराल वालों ने झूठ बोला था कि अब्दुल रहमान प्रॉपर्टी डीलिंग का बड़ा कारोबार करता है। मगर शादी के बाद हकीकत सामने आई कि वह पूरी तरह बेरोजगार था। इसके बाद ससुराल वालों ने व्यापार और टैक्सी खरीदने के नाम पर दहेज की भारी-भरकम मांग शुरू कर दी। प्रताड़ना से तंग आकर मायके वालों ने जैसे-तैसे पाँच लाख रुपये का इंतजाम कर बैंक से निकलवाए और टैक्सी चलवाने के लिए दिए। इसके बावजूद तैयबा पर जुल्म कम नहीं हुए और अंततः संदिग्ध हालात में उसकी जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही पारा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शादी के सात साल के भीतर संदिग्ध मौत होने के कारण मामले को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। भाई की तहरीर पर दहेज हत्याके तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारणों का खुलासा कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

