शादी के दबाव में नर्स ने दी जान, नर्सिंग अफसर विकास त्रिपाठी गिरफ्तार
6:54 PM, Aug 21, 2026
R Express भारत
Share:
तेलीबाग थाना क्षेत्र में हुए संविदा नर्स प्रतिभा मिश्रा मौत मामले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी और तेलीबाग के नर्सि

आरोपी को पुलिस ने पकड़ा फोटो सौ0 RExpress भारत
लखनऊ। तेलीबाग थाना क्षेत्र में हुए संविदा नर्स प्रतिभा मिश्रा मौत मामले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी और तेलीबाग के नर्सिंग ऑफिसर विकास त्रिपाठी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। आरोप है कि विकास के मानसिक उत्पीड़न और शादी से मुकरने के चलते ही प्रतिभा ने आत्मघाती कदम उठाया था। पुलिस काफी समय से आरोपी की तलाश में जुटी थी, जिसे आखिरकार मोहनलालगंज के पास से दबोच लिया गया।
बंद फ्लैट में मिला था शव
मूल रूप से गोंडा के तरबगंज की रहने वाली प्रतिभा मिश्रा कजेमऊ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में संविदा पर नर्स के रूप में काम कर रही थीं। परिजनों के मुताबिक, बीती 8 जुलाई को प्रतिभा वृंदावन योजना में रहने वाले विकास त्रिपाठी के फ्लैट पर गई थीं। लेकिन अगले ही दिन, यानी 9 जुलाई को उसी फ्लैट के अंदर प्रतिभा का शव दुपट्टे के फंदे से लटकता हुआ मिला। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की थी।
मां की शिकायत पर दर्ज हुआ था केस
घटना के बाद मृतका की मां सुधा मिश्रा ने विकास त्रिपाठी पर गंभीर आरोप लगाए थे। उनकी तहरीर पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बीती 24 जुलाई को विकास के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया था। परिजनों का कहना था कि विकास लगातार प्रतिभा को मानसिक रूप से परेशान कर रहा था। केस दर्ज होने के बाद से ही पुलिस आरोपी की लोकेशन को ट्रैक कर रही थी। शुक्रवार को सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने मोहनलालगंज की डीएलएफ गार्डन सिटी के पास घेराबंदी करके विकास को गिरफ्तार कर लिया।
शादी को लेकर होता था झगड़ा
पकड़े जाने के बाद जब पुलिस ने विकास त्रिपाठी से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने प्रतिभा के साथ अपने संबंधों की बात कबूल की। आरोपी ने बताया कि उन दोनों के बीच काफी समय से बातचीत और मिलना-जुलना था। प्रतिभा उस पर शादी करने का लगातार दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर तीखी बहस और झगड़ा होने लगा था। 8 जुलाई की रात को भी दोनों के बीच इसी मुद्दे पर विवाद हुआ, जिसके बाद अगले दिन प्रतिभा ने यह खौफनाक कदम उठा लिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है और मामले के अन्य पहलुओं को खंगाल रही है।

