लखनऊ में सनातन धर्म के अपमान पर भड़का आक्रोश, पप्पू यादव और मौलाना जर्जिस का फूंका पुतला
5:32 PM, Aug 3, 2026
R Express भारत
Share:
लखनऊ के हजरतगंज चौराहा और जीपीओ परिसर सोमवार को भारी हंगामे और नारेबाजी का गवाह बना। सनातन धर्म और हिंदू देवी-देवताओं पर की गई विवादित टिप्पणियों से नाराज

लखनऊ में सनातन धर्म के अपमान पर भड़का आक्रोश फोटो सौ0 RExpress भारत
उत्तर प्रदेश।लखनऊ के हजरतगंज चौराहा और जीपीओ परिसर सोमवार को भारी हंगामे और नारेबाजी का गवाह बना। सनातन धर्म और हिंदू देवी-देवताओं पर की गई विवादित टिप्पणियों से नाराज राष्ट्रीय हिंदू रक्षा परिषद के कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सांसद पप्पू यादव, सांसद अवधेश प्रसाद और मौलाना जर्जिस के खिलाफ अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने जीपीओ के सामने मौलाना जर्जिस और पप्पू यादव का पुतला भी फूंका।
देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणी का आरोप
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे राष्ट्रीय हिंदू रक्षा परिषद के राष्ट्रीय महासचिव मुकेश सनातनी ने कहा कि, सनातन धर्म और हमारे आराध्य देवों का अपमान अब बर्दाश्त से बाहर हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोची-समझी साजिश के तहत भगवान शिव, भगवान ब्रह्मा और भगवान श्रीकृष्ण पर अमर्यादित टिप्पणियां की जा रही हैं। इसके साथ ही प्रभु श्रीराम के सम्मान को ठेस पहुंचाने की कोशिश की जा रही है, जिससे पूरे देश के हिंदू समाज में भारी नाराजगी है।
राष्ट्रपति को भेजा मांग पत्र, हजरतगंज थाने में तहरीर
हंगामे और प्रदर्शन के बाद परिषद के पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन के माध्यम से देश के राष्ट्रपति के नाम एक मांग पत्र सौंपा। इस पत्र में सनातन धर्म का अपमान करने वाले सभी दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कदम उठाने की मांग की गई है। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं ने लखनऊ के हजरतगंज थाने में पप्पू यादव, अवधेश प्रसाद और मौलाना जर्जिस के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए लिखित शिकायत भी दी है। परिषद का कहना है कि, जब तक इन लोगों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं होती, उनका आंदोलन थमेगा नहीं।
कार्यकर्ताओं ने किया जबरदस्त प्रदर्शन
जीपीओ पर जुटे सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर विवादित बयान देने वाले नेताओं और धर्मगुरुओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस विरोध प्रदर्शन के कारण कुछ देर के लिए हजरतगंज इलाके में हलचल काफी बढ़ गई। मुकेश सनातनी ने साफ चेतावनी दी है कि हिंदू भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाना चाहिए और समाज को बांटने वाले ऐसे चेहरों को बेनकाब करना बेहद जरूरी है।

