तेलीबाग सड़क हादसे में घायल पीएसी के डिप्टी एसपी मायाराम रावत का निधन, मेदांता में तोड़ा दम
5:37 PM, Jul 4, 2026
R Express भारत
Share:
तेलीबाग इलाके में करीब तीन सप्ताह पहले हुए एक भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल पीएसी के डिप्टी एसपी मायाराम रावत ने जिंदगी और मौत के बीच चली लंबी लड़ा

डिप्टी एसपी मायाराम रावत का निधन फोटो सौ0RExpress भारत
लखनऊ। तेलीबाग इलाके में करीब तीन सप्ताह पहले हुए एक भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल पीएसी के डिप्टी एसपी मायाराम रावत ने जिंदगी और मौत के बीच चली लंबी लड़ाई के बाद शनिवार तड़के दम तोड़ दिया। सिर में लगी गंभीर चोटों के कारण उनका इलाज राजधानी के एक प्रतिष्ठित निजी अस्पताल में चल रहा था। इस दुखद खबर से पुलिस महकमे और उनके पैतृक गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
स्कूटी सवार को बचाने के फेर में हुआ हादसा
पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से बाराबंकी के भिलवल गौरिया का पुरवा गांव के निवासी 59 वर्षीय मायाराम रावत पीएसी की 35वीं बटालियन में तैनात थे। बीते माह की 12 तारीख को वह अपनी अर्टिगा कार से पीजीआई अस्पताल में भर्ती एक बीमार रिश्तेदार का हालचाल जानने के लिए घर से निकले थे। जैसे ही उनकी कार तेलीबाग क्षेत्र के पास पहुंची, तभी उनके आगे चल रहे एक डाला के सामने अचानक एक स्कूटी सवार युवती आ गई।
युवती को बचाने की कोशिश में डाला चालक ने पूरी ताकत से अचानक ब्रेक लगा दिए। रफ्तार में होने के कारण डिप्टी एसपी की अर्टिगा कार सीधे आगे चल रहे डाले के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सीट पर बैठे मायाराम रावत के सिर में जानलेवा चोटें आईं।
अस्पताल में थमी सांसें, परिवार में मातम
हादसे के फौरन बाद उन्हें लहूलुहान हालत में नजदीकी मेदांता अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों की विशेष टीम लगातार उनकी हालत पर नजर बनाए हुए थी, लेकिन सिर की अंदरूनी चोटें बेहद गहरी होने के कारण उनकी स्थिति नाजुक बनी रही। शनिवार की सुबह तड़के इलाज के दौरान उनकी सांसें थम गईं।उनके निधन की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मायाराम रावत अपने पीछे पत्नी ज्ञानवती, बेटी कविता और बेटे अभिषेक को छोड़ गए हैं। उनका बेटा अभिषेक बैंकिंग क्षेत्र में कार्यरत है।

