ईद-ए-मिलाद-उन-नबी पर धूमधाम से निकला जुलूस, तिरंगे के साथ दिया भाईचारे का संदेश
2:09 PM, Aug 26, 2026
R Express भारत
Share:
लखनऊ के गुडंबा इलाके में बुधवार को पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन (ईद-ए-मिलाद-उन-नबी) का त्योहार बेहद अदब और उत्साह के साथ मनाया गया।

ईद-ए-मिलाद-उन-नबी पर धूमधाम से निकला जुलूस फोटो सौ0 RExpress भारत
लखनऊ के गुडंबा इलाके में बुधवार को पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन (ईद-ए-मिलाद-उन-नबी) का त्योहार बेहद अदब और उत्साह के साथ मनाया गया। इस खास मौके पर आदिल नगर इलाके से एक भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें हजारों की संख्या में मुस्लिम समाज के लोग शामिल हुए। यह जुलूस आदिल नगर से शुरू होकर राष्ट्र भारती स्कूल मार्ग होते हुए आगे बढ़ा।
इस बार के जुलूस में धार्मिक आस्था के साथ-साथ देशभक्ति का एक अनोखा रंग भी देखने को मिला। जुलूस में शामिल लोग अपने हाथों में भारत का राष्ट्रीय ध्वज 'तिरंगा' थामे हुए थे। चारों तरफ लहराते तिरंगे ने देश की एकता, आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द का एक मजबूत संदेश दिया। रास्ते में जगह-जगह पर स्थानीय लोगों ने फूलों की बारिश करके जुलूस का जोरदार स्वागत किया, जिससे लखनऊ की पारंपरिक गंगा-जमुनी तहजीब साफ झलक रही थी।
जुलूस में उमड़ा अकीदतमंदों का सैलाब
मोहम्मद साहब के प्रति अपनी दीवानगी और सम्मान जाहिर करने के लिए बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह था। जुलूस में शामिल अकीदतमंदों ने पैगंबर साहब को खिराज-ए-अकीदत (श्रद्धांजलि) पेश की। रास्ते भर लोग मिलाद और नात शरीफ पढ़ते हुए चल रहे थे। पूरे माहौल में एक अलग ही आध्यात्मिक शांति और खुशी का माहौल बना हुआ था।
सुरक्षा और ट्रैफिक के रहे पुख्ता इंतजाम
bइतनी बड़ी संख्या में भीड़ को देखते हुए गुडंबा थाने की पुलिस टीम शुरू से लेकर आखिर तक जमीन पर मुस्तैद दिखी। जुलूस के दौरान आम जनता को आने-जाने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए पुलिसकर्मियों ने ट्रैफिक व्यवस्था को बहुत ही बेहतर तरीके से संभाला। पुलिस की चौकसी की वजह से पूरा कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कहीं भी किसी तरह की अव्यवस्था देखने को नहीं मिली और लोगों ने भी व्यवस्था बनाए रखने में पूरा सहयोग किया। कुल मिलाकर, इस बार का ईद-ए-मिलाद-उन-नबी का यह जुलूस अपनी शांति, सौहार्द और देशभक्ति के संदेश के लिए याद किया जाएगा।

