होमवीडियो
ब्रेकिंग
sliderimg

रॉन्ग साइड से आई रफ्तार का कहर, शादी की खुशियों के बीच बुझ गया घर का इकलौता चिराग

4:08 PM, Jul 27, 2026

मुस्कान​ सिंह
R Express भारत

Share:

अलीगंज थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक ऐसा खौफनाक हादसा हुआ, जिसने न सिर्फ एक हंसते-खेलते परिवार को ताउम्र का दर्द दे दिया, बल्कि पूरे इलाके को झकझोर कर

रॉन्ग साइड से आई रफ्तार का कहर, शादी की खुशियों के बीच बुझ गया घर का इकलौता चिराग

राहुल यादव की फोटो सौ0 RExpressभारत

लखनऊ। अलीगंज थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक ऐसा खौफनाक हादसा हुआ, जिसने न सिर्फ एक हंसते-खेलते परिवार को ताउम्र का दर्द दे दिया, बल्कि पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। यहां एक तेज रफ्तार कार के ड्राइवर ने लापरवाही की सारी हदें पार करते हुए सड़क पर पैदल जा रहे एक युवक को बेरहमी से रौंद दिया। हादसे के बाद घायल युवक को आनन-फानन में किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बाद भी उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस घटना के बाद से ही पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

रोटी कमाने निकला था राहुल, रास्ते में खड़ी थी मौत

मिली जानकारी के मुताबिक, 28 साल का राहुल मूल रूप से सीतापुर जिले के महमूदाबाद का रहने वाला था। वह लंबे समय से लखनऊ के पुरनिया स्थित हजारीलाल स्कूल के पास अपनी मां जागरी देवी, बड़े भाई ओंकार, भाभी, बच्चों और बहन अनीता के साथ झुग्गी-झोपड़ी में रह रहा था। राहुल का मुख्य पेशा शादियों और कार्यक्रमों में ढोल बजाना था। मगर आजकल शादियों का सीजन न होने के कारण परिवार का पेट पालने के लिए वह मजदूरी का काम कर रहा था।

रोज की तरह रविवार की दोपहर को भी राहुल खाना खाने के लिए अपनी झुग्गी पर आया था। खाना खाने के बाद करीब ढाई बजे वह वापस अपने काम पर जाने के लिए पैदल निकला। वह अलीगंज के लाल बत्ती चौराहे के पास पहुंचा ही था कि तभी श्याम स्वाद चौराहे की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उसकी जिंदगी की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया।

टक्कर मारने के बाद दोबारा ऊपर चढ़ाई कार, मची अफरा-तफरी

मौके पर मौजूद लोगो के मुताबिक, कार चालक बेहद गलत तरीके से सड़क की दूसरी साइड से गाड़ी दौड़ाता हुआ आ रहा था। कार ने पीछे से राहुल को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह हवा में उछलकर सीधे सड़क पर जा गिरा। दिल दहला देने वाली बात यह रही कि टक्कर मारने के बाद ड्राइवर ने गाड़ी रोकने के बजाय भागने की कोशिश की और गिरे हुए राहुल के ऊपर दोबारा कार चढ़ा दी।

इस खौफनाक मंजर को देखकर सड़क पर चल रहे लोगों में हड़कंप मच गया। आस-पास के दुकानदारों और राहगीरों ने शोर मचाते हुए कार को घेरने और रोकने की कोशिश की। खुद को घिरता देख कार चालक बीच सड़क पर ही गाड़ी छोड़कर मौके से रफूचक्कर हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इस बात की खबर राहुल के परिवार को दी और उसे लहूलुहान हालत में इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

उठने वाली थी डोली, अब उठेगी अर्थी

इस घटना ने राहुल के परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है। बहन अनीता ने रोते हुए बताया कि भाई राहुल की शादी के लिए बातचीत चल रही थी। पूरा परिवार उसके लिए लड़की देख रहा था और घर में जल्द ही शहनाई गूंजने वाली थी। जिस घर में शादी की खुशियों की तैयारियां हो रही थीं, वहां अब मातम का सन्नाटा पसरा हुआ है। मां जागरी देवी अपने जवान बेटे को खोने के गम में बार-बार बेहोश हो रही हैं।

फिलहाल पुलिस ने मौके से लावारिस हालत में मिली कार को अपने कब्जे में ले लिया है। गाड़ी के नंबर के आधार पर उसके मालिक और हादसे के वक्त स्टीयरिंग संभाल रहे ड्राइवर की तलाश की जा रही है। आस-पास की दुकानों और चौराहे पर लगे कैमरों की फुटेज को भी खंगाला जा रहा है ताकि आरोपी को जल्द से जल्द दबोचा जा सके।

विज्ञापन

विज्ञापन

सम्बंधित खबर

अपना शहर

और देखें

विज्ञापन

Follow Us:

Download App

Play Store

Subscribe Now

Play StoreR Express Bharat
Develop & Design by SpriteEra IT Solutions

Copyright © RexpressBharat, 2026