जानकीपुरम से रियल एस्टेट कारोबारी अंकित मिश्रा 7 दिन से लापता, मची खलबली
3:42 PM, May 29, 2026
R Express भारत
Share:
जानकीपुरम इलाके से रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े युवक के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। वह अपने कारोबारी साझेदारों से हिसाब किताब करने की

जानकीपुरम से रियल एस्टेट कारोबारी अंकित मिश्रा 7 दिन से लापता सौ0 RExpress bharat
लखनऊ के जानकीपुरम इलाके से 25 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी अंकित मिश्रा 22 मई से रहस्यमय ढंग से लापता हैं, जो गोंडा के रहने वाले हैं । जमीन के सौदे के पैसों को लेकर विवाद की बात सामने आने पर परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका जताई है। गुडंबा पुलिस ने विशेष टीमें गठित कर सर्विलांस और कारोबारी साझेदारों से पूछताछ के जरिए जांच तेज कर दी है ।
बताया जा रहा है कि,मूल रूप से गोंडा निवासी जयप्रकाश मिश्रा का छोटा बेटा अंकित मिश्रा जानकीपुरम सेक्टर-एच में अपनी बहन साक्षी मिश्रा के साथ रहता है। अंकित खुर्दही बाजार, गोसाईगंज निवासी तीन युवकों के साथ मिलकर रियल एस्टेट का कारोबार करते हैं। बहन साक्षी के मुताबिक, अंकित और उसके साझेदारों ने मिलकर एक जमीन का सौदा कराया था, जिसके एवज में उन्हें एग्रीमेंट के साथ करीब पांच बिस्वा जमीन मिली थी। जमीन बेचने के बाद रुपये का बंटवारा होना था।
साक्षी ने बताया कि, 22 मई को अंकित अपने पार्टनरों से रुपये के हिसाब-किताब की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। मोबाइल फोन भी बंद था। रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क करने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। बेटे के लापता होने की सूचना पर पिता जयप्रकाश मिश्रा भी परिवार के साथ लखनऊ पहुंच गए। परिजनों ने अंकित के साथ अनहोनी की आशंका जताते हुए 23 मई को गुडंबा थाने में तहरीर दी। परिवार ने अंकित के पार्टनरों पर भी संदेह जताया है। मामले के विवेचक दिग्विजय यादव ने बताया कि, अंकित के साझेदारों से पूछताछ की गई है। युवक की कॉल डिटेल रिपोर्ट मंगाई गई है।
वहीं दूसरी ओर,गुडंबा पुलिस की धीमी जांच से नाराज परिजनों ने एडीसीपी पूर्वी डॉ. अमोल मुरकुट से मुलाकात कर जल्द कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीसीपी स्वयं गुडंबा थाने पहुंचे और इंस्पेक्टर व विवेचक से जांच की प्रगति की जानकारी ली। इसके बाद अंकित की तलाश में पुलिसकर्मियों को लगाया गया है।एडीसीपी पूर्वी ने बताया कि, युवक की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

