दहेज के लिए रिश्ता तोड़ा, देवरिया का युवक लखनऊ से अरेस्ट
6:10 PM, Aug 22, 2026
R Express भारत
Share:
लखनऊ के दुबग्गा इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ शादी का वादा करके एक युवती की जिंदगी से खिलवाड़ किया गया।

आरोपी आलोक गिरफ्तार फोटो सौ0 RExpress भारत
लखनऊ के दुबग्गा इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ शादी का वादा करके एक युवती की जिंदगी से खिलवाड़ किया गया। लखनऊ की दुबग्गा थाना पुलिस ने शनिवार को एक ऐसे शातिर युवक को धर दबोचा, जिसने पहले तो प्यार और शादी के जाल में फंसाकर युवती का शारीरिक शोषण किया और फिर ऐन वक्त पर दहेज की भारी-भरकम मांग रख दी। जब लड़की के परिवार ने इसका विरोध किया, तो आरोपी और उसके परिजनों ने पीड़िता के साथ मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी देकर रिश्ता तोड़ दिया।
प्यार का झांसा देकर लूटी अस्मत, फिर मांगा दहेज
यह पूरी कहानी शुरू हुई थी कुछ समय पहले, जब देवरिया के रहने वाले आलोक मिश्रा ने पीड़ित युवती को अपनी बातों में फंसाया। उसने युवती को भरोसा दिलाया कि वह उससे शादी करेगा। शादी का यही झांसा देकर वह लगातार युवती का यौन शोषण करता रहा। दोनों के बीच शादी की बात पक्की भी हो गई थी, लेकिन जैसे ही शादी नजदीक आई, लड़के वालों का असली रंग सामने आ गया। आरोपी आलोक और उसके घरवालों ने लड़की के सामने अतिरिक्त दहेज की बड़ी मांग रख दी।
विरोध करने पर की मारपीट और दी धमकी
पीड़ित युवती ने जब इतनी बड़ी रकम और दहेज देने में असमर्थता जताई, तो आलोक और उसके माता-पिता भड़क गए। हद तो तब हो गई जब आरोपी, उसके पिता लवकुश मिश्रा, उसकी मां और बहन ज्योति ने मिलकर पीड़िता को बुरी तरह पीटा। उसे गंदी-गंदी गालियां दी गईं और जुबान बंद रखने के लिए जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस प्रताड़ना से टूट चुकी युवती ने हिम्मत दिखाई और जून के महीने में लखनऊ के दुबग्गा थाने में न्याय की गुहार लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने बाईपास चौराहे से दबोचा
युवती की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। आरोपी लगातार पुलिस की नजरों से बचकर भाग रहा था। शनिवार को पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली कि आरोपी शहर छोड़कर भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस की एक विशेष टीम ने जाल बिछाया और कानपुर बाईपास चौराहे के पास घेराबंदी करके 25 वर्षीय आरोपी आलोक मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे तुरंत कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है, जबकि मामले में शामिल उसके अन्य रिश्तेदारों की तलाश अभी जारी है।

