बख्शी का तालाब में सड़क हादसा: घायल महिला की इलाज के दौरान मौत, शव रख परिजनों ने किया प्रदर्शन
6:05 PM, Jun 4, 2026
R Express भारत
Share:
लखनऊ के बख्शी का तालाब थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों औ

बख्शी का तालाब में सड़क हादसा सौ0 ( edited ) RExpress भारत
लखनऊ के बख्शी का तालाब थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतका के शव को सड़क पर रखकर जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
पुलिस प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक, थाना माल क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गोपालपुर गांव की रहने वाली 47 वर्षीय सुनीता बीते 29 मई को किसी निजी वाहन पर सवार होकर बख्शी का तालाब स्थित रुदही गांव में रहने वाले अपने रिश्तेदारों से मिलने जा रही थीं। इसी दौरान बख्शी का तालाब थाना क्षेत्र में उनका वाहन एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। दुर्घटना में सुनीता को अत्यंत गंभीर चोटें आई थीं, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कई दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझने के बाद आखिरकार उन्होंने दम तोड़ दिया।
महिला की मौत के बाद गुरूवार को उनके पैतृक निवास स्थान माल (गोपालपुर) में शव पहुंचते ही कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिसिया कार्रवाई से असंतुष्ट होकर शव को बीच सड़क पर रख दिया और चक्काजाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग है कि, दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की तत्काल पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाए। इसके साथ ही पीड़ित परिवार ने प्रशासन से उचित आर्थिक मुआवजे की मांग की है।
घटनास्थल पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटी हुई है। शांति व्यवस्था बनाए रखने और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय थाना पुलिस के साथ-साथ वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं। अधिकारी लगातार प्रदर्शनकारियों को समझाने-बुझाने और उचित कानूनी कार्रवाई का भरोसा देकर जाम खुलवाने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि शव को अंतिम संस्कार के लिए भेजा जा सके। फिलहाल मौके पर स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है।

