नाइट ड्यूटी कर घर लौट रहे रोडवेज चालक को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौके पर ही मौत
6:16 PM, Sep 16, 2026
R Express भारत
Share:
सरोजिनी नगर में हुए इस सड़क हादसे में बाराबंकी के रहने वाले रोडवेज बस चालक मोहम्मद नदीम (45) की दर्दनाक मौत हो गई है।

मोहम्मद नदीम की फोटो सौ0 RExpress भारत
उत्तर प्रदेश।लखनऊ के सरोजिनी नगर इलाके में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ ट्रांसपोर्ट नगर के पास सड़क पार कर रहे एक रोडवेज बस चालक को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि अस्पताल पहुँचने से पहले ही चालक ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान 45 वर्षीय मोहम्मद नदीम के रूप में हुई है, जो परिवहन निगम में संविदा पर बस चलाते थे। वह रात भर की ड्यूटी खत्म करने के बाद सुबह अपने घर वापस लौट रहे थे। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
रात की ड्यूटी के बाद घर लौटने की थी तैयारी
परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, मोहम्मद नदीम मूल रूप से बाराबंकी के जैदपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बोजा गाँव के रहने वाले थे। पिछले कुछ समय से वह लखनऊ के आशियाना इलाके में स्थित औरंगाबाद में अपनी पत्नी कैफ़ी और दो बेटों के साथ रह रहे थे। नदीम उपनगरीय बस सेवा में संविदा चालक के तौर पर तैनात थे और बीते कुछ दिनों से उनकी नाइट ड्यूटी चल रही थी। मंगलवार की रात भी उन्होंने अपनी ड्यूटी पूरी की और बुधवार सुबह वह घर जाने के लिए निकले थे।
सड़क पार करते समय काल बनकर आई तेज रफ्तार गाड़ी
बुधवार सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच, नदीम सरोजिनी नगर के ट्रांसपोर्ट नगर चौराहे के पास पहुंचे। वह अपने घर जाने के लिए किसी ऑटो या सवारी गाड़ी की तलाश में थे। जैसे ही वह सड़क पार करने लगे, तभी एक अज्ञात वाहन बेहद तेज रफ्तार में आया और उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नदीम सड़क पर दूर जाकर गिरे और उनके सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आईं। हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया।
जेब में मिले मोबाइल और आईडी से हुई पहचान
आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुँची पुलिस ने लहूलुहान हालत में नदीम को नजदीकी ट्रामा सेंटर पहुँचाया। जहाँ डॉक्टरों ने जाँच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए उनके कपड़ों की तलाशी ली। जेब में मिले पहचान पत्र और मोबाइल फोन की मदद से पुलिस ने उनके भाई मोहम्मद उमैर से संपर्क किया और घटना की जानकारी दी।
नदीम की मौत की खबर मिलते ही पत्नी कैफ़ी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की छानबीन शुरू कर दी है। इलाके के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है ताकि टक्कर मारने वाले वाहन का सुराग लगाया जा सके।

