महिगंवा में दो भाइयों के घर परिवार को बंदकर लाखों की चोरी, इलाके में हड़कंप
1:28 PM, Jun 9, 2026
R Express भारत
Share:
महिगंवां थाना क्षेत्र स्थित दरियापुर गांव में देर रात चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। यहाँ कुम्हारावां पुलिस चौकी के अंतर्गत आने वाले इस क्षेत्र

महिगंवा में दो भाइयों के घर का ताला तोड़ लाखों की डकैती सौ0 RExpress भारत
लखनऊ। महिगंवां थाना क्षेत्र स्थित दरियापुर गांव में देर रात चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। यहाँ कुम्हारावां पुलिस चौकी के अंतर्गत आने वाले इस क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। यह घटना क्षेत्र के दो सगे भाइयों के संयुक्त परिवार में हुई है, जहाँ चोरों ने घर के सदस्यों को कमरों में बंद कर पूरी वारदात को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि, चोरों ने रात करीब 1:00 से 3:00 बजे के बीच घर में प्रवेश किया। शातिर अपराधियों ने सबसे पहले घर के अंदर सो रहे लोगों के कमरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए, ताकि कोई बाहर न आ सके। इसके बाद अपराधियों ने दो अलमारियों और एक बड़े बक्से का ताला तोड़कर लगभग 40 से 45 लाख रुपये मूल्य के गहने और नकद राशि चुरा ली। सुबह जब पीड़ित परिवार की आंख खुली और उन्होंने खुद को बंद पाया, तब शोर मचाने पर ग्रामीणों ने आकर उन्हें बाहर निकाला। इसके बाद घटना की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई।
कानून व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
इस बड़ी चोरी के बाद स्थानीय निवासियों में कुम्हारावां चौकी प्रभारी की कार्यप्रणाली को लेकर भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि, क्षेत्र में लगातार पुलिस गश्त की कमी के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। अभी कुछ ही दिन पहले इसी महिगंवां थाना क्षेत्र के परसऊ इलाके में स्थित कमला फ्यूल कनेक्ट पेट्रोल पंप पर पांच सशस्त्र बदमाशों ने डकैती की एक और बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। उस मामले में लापरवाही बरतने और घटना को दबाने की कोशिश करने के आरोप में तत्कालीन इंस्पेक्टर को निलंबित भी किया गया था। इसके बावजूद क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था में कोई सुधार देखने को नहीं मिल रहा है।
पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई
चोरी की इस सनसनीखेज सूचना के बाद महिगंवां थाना पुलिस और कुम्हारावां चौकी की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और पीड़ितों से चोरी गए सामान की सूची ली है। क्षेत्र में सक्रिय संदिग्धों और चोरों के सुराग तलाशने के लिए पुलिस आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस प्रशासन का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा,लेकिन बार-बार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

