मड़ियांव में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने स्कूटी सवार को रौंदा, ट्रॉमा सेंटर में तोड़ा दम
5:53 PM, Jul 26, 2026
R Express भारत
Share:
मड़ियांव थाना क्षेत्र में अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने स्कूटी सवार अधेड़ को बुरी तरह कुचल दिया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

sketch by - google
लखनऊ।मड़ियांव थाना क्षेत्र में अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने स्कूटी सवार अधेड़ को बुरी तरह कुचल दिया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। राहगीरों की मदद से घायल को तुरंत ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान फैजुल्लागंज की मामा कॉलोनी के रहने वाले 52 वर्षीय राजीव कुमार शुक्ला के रूप में हुई है। वह दुबग्गा की एक सब्जी आढ़त में मुनीम का काम करते थे।
मंडी से घर लौटते समय हुआ हादसा
परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, राजीव कुमार शुक्ला रोज की तरह रविवार तड़के काम के सिलसिले में दुबग्गा मंडी गए थे। दोपहर करीब ढाई बजे वह अपनी स्कूटी से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान मड़ियांव के दाउदनगर मोड़ के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजीव सड़क पर गिर गए और ट्रैक्टर का पहिया उनके ऊपर से निकल गया।
हेलमेट पहनने के बाद भी नहीं बची जान
इस हादसे की सबसे दुखद बात यह रही कि, राजीव सुरक्षा के लिहाज से हेलमेट पहने हुए थे, लेकिन ट्रैक्टर की रफ्तार और भारी वजन के आगे उनकी एक न चली। हादसे के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों को जुटता देख आरोपी चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मौके से भाग निकला। सूचना मिलते ही रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे। उनके परिवार में पत्नी सुमन और दो बेटे आर्यन व कृष्णा हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
राजीव के बेटे आर्यन ने बताया कि, उनके पिता हमेशा संभलकर गाड़ी चलाते थे। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि दाउदनगर मोड़ के पास लगे तमाम सीसीटीवी कैमरों की जांच की जाए। परिजनों का कहना है कि फुटेज की मदद से फरार ट्रैक्टर और उसके लापरवाह चालक की पहचान आसानी से हो सकती है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।डी से घर लौटते समय हुआ हादसा

