लखनऊ में सनसनी: लापता कारोबारी का नाले में मिला शव, भाई ने जताई मर्डर की आशंका
2:07 PM, Sep 5, 2026
R Express भारत
Share:
लखनऊ के पॉश इलाके से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। शहर के नामचीन हजरतगंज क्षेत्र में स्थित एक नाले से शुक्रवार को लापता ट्रांसपोर्टर 37 वर्षीय जिते

जितेन कुमार शर्मा फोटो सौ0 RExpress भारत
लखनऊ के पॉश इलाके से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। शहर के नामचीन हजरतगंज क्षेत्र में स्थित एक नाले से शुक्रवार को लापता ट्रांसपोर्टर 37 वर्षीय जितेंद्र शर्मा का शव बरामद हुआ है। कारोबारी का शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के परिवार ने इस मामले में हत्या कर शव फेंके जाने का गंभीर आरोप लगाया है और पूरे इलाके के फुटेज खंगालने की मांग उठाई है।
अचानक गायब हो गए थे जितेंद्र
जानकारी के मुताबिक, मदेहगंज के पक्का पुल इलाके में रहने वाले जितेंद्र शर्मा ट्रांसपोर्ट नगर में अपना कारोबार चलाते थे। उनके हंसते-खेलते परिवार में पत्नी संगीता और दो छोटे बेटे हिमांशु और रूद्र हैं। बताया जा रहा है कि बीती 2 सितंबर की सुबह करीब 6:30 बजे जितेंद्र अचानक बिना किसी को कुछ बताए घर से निकल गए थे। हैरान करने वाली बात यह थी कि वह अपना मोबाइल फोन भी घर पर ही छोड़ गए थे।
जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटे, तो घरवालों को चिंता हुई। रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों के यहां दो दिनों तक लगातार तलाश करने के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं लगा, तो हताश होकर परिजनों ने मदेहगंज थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।
नाले में तैरता मिला शव, पत्नी ने ऐसे की पहचान
शुक्रवार को हजरतगंज के केडी 5 चौराहे के पास बने एक बड़े नाले में राहगीरों ने एक युवक की लाश तैरती हुई देखी। लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को नाले से बाहर निकलवाया। तलाशी के दौरान मृतक की जेब से मिले पर्स और कागजातों के आधार पर पुलिस ने रात में जितेंद्र के परिवार से संपर्क किया। इसके बाद बदहवास हालत में पोस्टमार्टम हाउस पहुंची पत्नी संगीता ने शव की टी-शर्ट और पैर पर लगी पुरानी चोट के निशान को देखकर रोते हुए अपने पति की पहचान की।
भाई का आरोप- मर्डर करके नाले में फेंका
जितेंद्र की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। मुंबई में रहने वाले उनके भाई सत्येंद्र ने इस पूरी घटना के पीछे किसी गहरी साजिश और हत्या की आशंका जताई है। सत्येंद्र का कहना है कि उनके भाई की किसी ने जान ली है और सबूत मिटाने के लिए शव को नाले में फेंक दिया। उन्होंने मांग की है कि घटना की तह तक जाने के लिए केडी 5 चौराहे और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की बारीकी से जांच की जाए। फिलहाल पुलिस की टीमें पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही हैं और मामले की हर एंगल से पड़ताल में जुट गई हैं।आप

