थाने में बजी शहनाई: महिला थाना प्रभारी की काउंसलिंग से दूर हुआ मनमुटाव, पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में जोड़े ने रचाई शादी
7:27 PM, Jun 10, 2026
R Express भारत
Share:
बख्शी का तालाब क्षेत्र में टूटते और बिखरते हुए एक रिश्ते को खाकी का मानवीय चेहरा देखने को मिला। महिला थाना द्वितीय बख्शी का तालाब पर बुधवार को उस समय एक बे

हिला थाना प्रभारी की काउंसलिंग से दूर हुआ मनमुटाव सौ0 RExpress भारत
लखनऊ।बख्शी का तालाब क्षेत्र में टूटते और बिखरते हुए एक रिश्ते को खाकी का मानवीय चेहरा देखने को मिला। महिला थाना द्वितीय बख्शी का तालाब पर बुधवार को उस समय एक बेहद सुखद और भावुक कर देने वाला नजारा देखने को मिला, जब एक दूसरे के खिलाफ शिकायत लेकर पहुंचे युवक-युवती पुलिस की सकारात्मक पहल के बाद गिले-शिकवे भूलकर विवाह के अटूट बंधन में बंध गए। महिला थाना प्रभारी मेनका सिंह के अथक प्रयासों और सूझबूझ भरी काउंसलिंग ने इस दरकते रिश्ते को न सिर्फ बचाया, बल्कि उसे एक नई जिंदगी की शुरुआत की ओर मोड़ दिया।
मनमुटाव के कारण टूटने की कगार पर था रिश्ता
जानकारी के अनुसार, बाराबंकी जिले की रहने वाली एक युवती का विवाह लखनऊ के इटौंजा क्षेत्र के निवासी अमित नाम के युवक के साथ तय हुआ था। शादी की बातें आगे बढ़ रही थीं और दोनों परिवार नए रिश्ते के स्वागत की तैयारियों में जुटे थे। लेकिन इसी बीच किन्हीं कारणों से दोनों के बीच कुछ कहासुनी और वैचारिक मतभेद उत्पन्न हो गए। धीरे-धीरे यह मनमुटाव इतना बढ़ गया कि दोनों परिवारों के बीच बातचीत पूरी तरह बंद हो गई और तयशुदा शादी टूटने की कगार पर पहुंच गई। अपनी खुशियों को बिखरता देख पीड़ित युवती ने हिम्मत नहीं हारी और न्याय की उम्मीद में अपनी बात बख्शी का तालाब स्थित महिला थाना द्वितीय की प्रभारी मेनका सिंह के सामने रखी। युवती की शिकायत और उसकी आंखों में छिपी उम्मीद को देखकर थाना प्रभारी ने इस मामले को कानूनी पचड़ों में घसीटने के बजाय आपसी समझबूझ से सुलझाने का फैसला किया।

महिला पुलिस की मौजूगी में हुई शादी सौ0 RExpress भारत
पुलिस स्टेशन बना मंडप, परिजनों की उपस्थिति में हुई रस्में
युवती की बात सुनने के बाद थाना प्रभारी मेनका सिंह ने सक्रियता दिखाई और बुधवार को युवक अमित और उसके परिजनों को थाने में बुलाया। इसके साथ ही युवती और उसके परिवार वाले भी वहां पहुंचे। महिला थाना परिसर में ही दोनों पक्षों को आमने-सामने बिठाया गया। शुरुआत में दोनों पक्षों में थोड़ा तनाव और नाराजगी देखी गई, लेकिन थाना प्रभारी ने एक कुशल मार्गदर्शक की भूमिका निभाते हुए दोनों पक्षों की शिकायतों को बहुत ही धैर्यपूर्वक और शांति से सुना। उन्होंने लड़के और लड़की को अलग से भी समझाया और उन्हें उनके आने वाले भविष्य और खुशहाल वैवाहिक जीवन का महत्व बताया।
थाना प्रभारी की सकारात्मक और आत्मीय काउंसलिंग का असर रंग लाया। कुछ ही घंटों की बातचीत के बाद युवक और युवती के दिलों में जमी नाराजगी की बर्फ पिघल गई। दोनों अपनी गलतियों को स्वीकार करते हुए एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने के लिए राजी हो गए। दोनों परिवारों ने भी पुलिस की इस पहल का स्वागत किया और शादी के लिए तुरंत हामी भर दी।
इसके बाद जो हुआ, वह कानून के पहरेदारों के बीच मानवीय संवेदनाओं की एक अनूठी मिसाल बन गया। बख्शी का तालाब महिला थाना परिसर ही विवाह के मंडप में तब्दील हो गया। पुलिसकर्मियों और वहां मौजूद सगे-संबंधियों ने तुरंत ही फूलों की मालाओं और मिठाइयों का प्रबंध किया। सभी की मौजूदगी में नव दंपति मिथिलेश और अमित ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। इस दौरान थाने का पूरा स्टाफ और दोनों पक्षों के परिजन इस पल के साक्षी बने। जोड़े ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और बड़ों का आशीर्वाद लिया।

दोनो एक — दूसरे को माला पहनते हुए सौ0 RExpress भारत
सामाजिक रीति-रिवाजों से संपन्न होगी आगे की रस्में
इस मौके पर विशेष रूप से उपस्थित इटौंजा नगर चौंगवा के प्रधान प्रतिनिधि योगेश शुक्ला ने पुलिस प्रशासन की इस मानवीय पहल की जमकर सराहना की। उन्होंने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस के इस प्रयास ने दो परिवारों को उजड़ने से बचा लिया है। उन्होंने कहा कि दोनों परिवार अब यहां से पूरी तरह संतुष्ट होकर और खुशियां मनाते हुए अपने घर लौट रहे हैं। यहां से जाने के बाद दोनों परिवार अपनी सामाजिक परंपराओं, रीति-रिवाजों और पूर्ण विधि-विधान के साथ विवाह के बाकी के मांगलिक कार्यक्रमों को धूमधाम से संपन्न करेंगे। इस अनोखी शादी की चर्चा अब पूरे क्षेत्र में हो रही है और लोग महिला पुलिस टीम की संवेदनशीलता की तारीफ कर रहे हैं।

