आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कार से टकराकर खाई में गिरी स्लीपर बस, 5 यात्रियों की मौत
12:47 PM, Jul 1, 2026
R Express भारत
Share:
उन्नाव में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर आज सुबह एक बेहद दर्दनाक और बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक अनियंत्रित प्राइवेट स्लीपर बस और अर्टिगा कार के बीच हु

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा फोटो सौ 0 RExpress भारत
उन्नाव में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर आज सुबह एक बेहद दर्दनाक और बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक अनियंत्रित प्राइवेट स्लीपर बस और अर्टिगा कार के बीच हुई भीषण भिड़ंत में दो मासूम बच्चियों समेत कम से कम पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस सीधे सुरक्षा रेलिंग तोड़ते हुए एक्सप्रेसवे के नीचे करीब 20 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में बस और कार में सवार कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
सुबह तड़के हुआ दर्दनाक हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना उन्नाव जिले के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत देवखरी गांव के पास एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 230 पर घटित हुई। बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे बिहार नंबर की एक डबल डेकर स्लीपर बस हरियाणा से करीब 85 यात्रियों को लेकर बिहार की तरफ जा रही थी। इसी दौरान लखनऊ से आगरा की ओर जा रही अर्टिगा कार से उसकी आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई।
बांगरमऊ के क्षेत्राधिकारी हर्ष मोदी ने बताया कि, शुरुआती जांच में ऐसा लग रहा है कि, तड़के के समय स्लीपर बस के चालक को अचानक नींद की तेज झपकी आ गई। इसके चलते वह तेज रफ्तार वाहन से अपना नियंत्रण खो बैठा। बस अचानक डिवाइडर को तोड़ते हुए रॉन्ग साइड में चली गई और सामने से आ रही अर्टिगा कार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद कार के परखच्चे उड़ गए और वह करीब 20 फीट तक घिसटती चली गई। वहीं बस रेलिंग को तोड़कर नीचे पलट गई। बस में सवार कुछ यात्रियों का यह भी आरोप है कि ड्राइवर नशे की हालत में था।
मृतकों में दो बच्चियां और महिलाएं शामिल
इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी पांचों लोग अर्टिगा कार में सवार थे, जिनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान कार चालक 45 वर्षीय विनोद, 60 वर्षीय धुनमुन , 40 वर्षीय अंजू, और दो मासूम बच्चियों 19 वर्षीय अमृता व 6 वर्षीय दिव्या के रूप में हुई है। इसके अलावा कार और बस में सवार कुल 8 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
राहत और बचाव कार्य में जुटा प्रशासन
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय राहगीरों और बांगरमऊ पुलिस ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने बस के शीशे तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तुरंत पास के बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल मरीजों को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर और जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए उन्नाव के जिलाधिकारी घनश्याम मीणा और पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सूचित कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और एक्सप्रेसवे पर यातायात को दोबारा सुचारू रूप से बहाल करवा दिया है।

