यूनिटी कॉलेज के पास अचानक धू-धू कर जली तीन मंजिला बिल्डिंग, अंदर मची भगदड़
3:08 PM, Aug 1, 2026
R Express भारत
Share:
लखनऊ के दुबग्गा इलाके में शनिवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब यूनिटी कॉलेज के पास बनी एक कमर्शियल बिल्डिंग अचानक धू-धू कर जलने लगी। देखते ही देखते बिल्ड

शॉर्ट सर्किट से खजूर के गोदाम में भड़की आग फोटो सौ0 RExpress भारत
उत्तर प्रदेश।लखनऊ के दुबग्गा इलाके में शनिवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब यूनिटी कॉलेज के पास बनी एक कमर्शियल बिल्डिंग अचानक धू-धू कर जलने लगी। देखते ही देखते बिल्डिंग के बेसमेंट से काले धुएं का गुबार आसमान छूने लगा, जिससे आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में डर का माहौल बन गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह भयानक हादसा लिफ्ट के ठीक बगल में लगे एक बिजली के मीटर में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से हुआ।
मौके पर मौजूद लोगो के अनुसार, दोपहर करीब एक बजे अचानक मीटर से चिंगारियां निकलने लगीं। जब तक लोग कुछ समझ पाते, चिंगारियों ने पास ही रखे एक बड़े लकड़ी के गेट को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उन्होंने तुरंत ही बेसमेंट के अंदर चल रहे एक बड़े खजूर के गोदाम को घेर लिया। यह गोदाम ठाकुरगंज के रहने वाले सैयद इफ्तिखार आब्दी का बताया जा रहा है, जो यहां बड़े पैमाने पर खजूर का स्टॉक रखते थे।
जैसे ही बेसमेंट से धुएं के मोटे छल्ले बाहर आने लगे, वहां मौजूद लोगों ने तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया। आसपास के लोगों ने बिना वक्त गंवाए तुरंत राहत टीमों और दमकल केंद्र को फोन घुमाया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए चौक, हजरतगंज और आलमबाग समेत शहर के अलग-अलग इलाकों से दमकल की आठ गाड़ियां एक-एक कर मौके पर पहुंच गईं।
इलाके की संकरी जगह और बेसमेंट में भरे घने काले धुएं के कारण राहत काम में शुरुआत में काफी दिक्कतें आईं। राहत कर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए सबसे पहले आसपास की दुकानों और बिल्डिंग के ऊपरी हिस्सों को खाली कराया ताकि कोई अंदर न फंसा रह जाए। इसके बाद चारों तरफ से पानी की बौछारें मारकर लपटों को दबाने का काम शुरू हुआ। दमकल की आठ गाड़ियों और दर्जनों कर्मियों को इस बेकाबू आग को पूरी तरह शांत करने में करीब दो घंटे का समय लगा।
गनीमत यह रही कि, समय रहते सही कदम उठा लिए गए, जिससे एक बहुत बड़ा हादसा होने से टल गया। इस पूरे घटनाक्रम में किसी भी इंसान को कोई चोट नहीं आई है और न ही कोई जानमाल का नुकसान हुआ है। हालांकि, गोदाम के अंदर रखा हुआ खजूर का काफी माल धुएं और पानी की वजह से खराब हो गया है।
जिस तीन मंजिला कमर्शियल परिसर में यह आग लगी, उसके मालिक बालागंज निवासी शशांक यादव बताए जा रहे हैं। फिलहाल, स्थानीय पुलिस और सुरक्षा टीमें मौके पर डटी हुई हैं। वे इस बात का बारीकी से पता लगा रही हैं कि क्या बिल्डिंग में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे या नहीं। इसके साथ ही गोदाम मालिक को हुए नुकसान का सही अंदाजा लगाने के लिए भी छानबीन की जा रही है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके के व्यापारी बिजली के तारों और मीटरों की सुरक्षा को लेकर चिंता में हैं।

