ससुराल में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया जहर देकर हत्या का आरोप
3:51 PM, Aug 7, 2026
R Express भारत
Share:
इंदिरा नगर थाना क्षेत्र के तकरोही संत पुरम में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर प्

पंकज त्रिपाठी की फोटो सौ0 RExpress भारत
लखनऊ।इंदिरा नगर थाना क्षेत्र के तकरोही संत पुरम में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन में जुट गई है।
प्रेम विवाह के बाद ससुराल में ही रहता था युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाराबंकी जिले के बदोसराय थाना अंतर्गत मरकामऊ गांव का निवासी 26 वर्षीय पंकज तिवारी लखनऊ में जानवरों की देखभाल का काम करता था। मृतक के चाचा दिनेश तिवारी ने बताया कि पंकज ने करीब चार साल पहले इंदिरा नगर के तकरोही संत पुरम की रहने वाली नेहा नामक युवती से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही पंकज अपने घर वालों से अलग होकर लखनऊ में अपनी ससुराल में ही रह रहा था। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद ससुराल वालों के दबाव में पंकज ने अपने सगे-संबंधियों से दूरी बना ली थी।
परिजनों के अनुसार, बृहस्पतिवार रात उन्हें सूचना दी गई कि पंकज सीढ़ियों से गिरकर घायल हो गया है। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य बाराबंकी से लखनऊ के लिए रवाना हुए, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर उन्हें पंकज की मृत्यु की जानकारी मिली।
परिजनों ने लगाया गंभीर आरोप
मृतक के परिजनों ने शव की स्थिति को देखते हुए संदेह व्यक्त किया है। उनका आरोप है कि यह केवल एक दुर्घटना नहीं है, बल्कि इसके पीछे ससुराल पक्ष की भूमिका हो सकती है। परिजनों का कहना है कि पंकज को पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव दिया जा रहा था। उन्होंने पुलिस से इस मामले की गहनता से जांच करने की अपील की है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्थानीय पुलिस का कहना है कि वे मामले की जांच कर रहे हैं और घटनास्थल का मुआयना भी किया गया है। मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। पुलिस के अनुसार, रिपोर्ट के तथ्यों और परिजनों द्वारा दी जाने वाली तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

