स्कूल से लौट रहे मासूम और नाना की कार नाले में गिरी, राहगीरों ने बचाई जान
4:31 PM, Aug 13, 2026
R Express भारत
Share:
लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ गुरुवार दोपहर को एक अनियंत्रित कार अचानक गहरे नाले में जा गिरी।

स्कूल से लौट रहे मासूम और नाना की कार नाले में गिरी फोटो सौ0 RExpress भारत
लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ गुरुवार दोपहर को एक अनियंत्रित कार अचानक गहरे नाले में जा गिरी। कार में एक ढाई साल का मासूम बच्चा, उसके नाना और एक केयरटेकर सवार थे। गनीमत यह रही कि समय रहते स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाई, जिससे कार में फंसे तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस तत्परता के कारण एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
दोपहर करीब 12 बजे की घटना
जानकारी के मुताबिक, यह पूरी घटना आशियाना के किला गांव के ठीक पीछे की है। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे एक कार अचानक अपना संतुलन खो बैठी और सीधे सड़क किनारे बने गहरे नाले में समा गई। कार गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। कार में सवार लोग अंदर ही फंस गए और गाड़ी धीरे-धीरे पानी में डूबने लगी।
राहगीर बने 'देवदूत'
जिस वक्त यह हादसा हुआ, वहाँ से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत स्थिति को भांपा। बिना समय गंवाए स्थानीय लोग नाले की तरफ दौड़े और कड़ी मशक्कत के बाद कार का दरवाजा खोलकर उसमें फंसे लोगों को एक-एक कर बाहर निकाला। इसके बाद तुरंत कंट्रोल नंबर पर पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी गई।
स्कूल से घर लौट रहा था मासूम
कार में सवार लोगों की पहचान राजाजीपुरम निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई है। वह आशियाना सेक्टर-आई में रहने वाली अपनी बेटी असिमा के घर गए थे। दोपहर को वह अपनी बेटी के ढाई वर्षीय बेटे अन्हद को स्कूल से लेकर घर लौट रहे थे। अन्हद आशियाना स्थित ड्रीमर्स स्कूल में प्ले ग्रुप का छात्र है। कार में उनके साथ बच्चे की केयरटेकर रेखा भी मौजूद थीं।
क्रेन की मदद से निकाली गई कार
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड, नगर निगम और एसडीआरएफ की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करते हुए टीम ने भारी क्रेन को मौके पर बुलाया। क्रेन की मदद से नाले में डूबी कार को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला गया।
आशियाना थाना पुलिस के अनुसार, इस दुर्घटना में सबसे राहत की बात यह रही कि किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई है और सभी पूरी तरह सुरक्षित हैं। कार अचानक अनियंत्रित कैसे हुई और हादसे के पीछे की असली वजह क्या थी, पुलिस अब इन सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है।

