BJP नेता के घर लाखों की चोरी: लखनऊ के मोहनलालगंज में त्योहार के बीच वारदात
3:49 PM, Aug 29, 2026
R Express भारत
Share:
लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वे नेताओं के घरों को भी निशाना बनाने से नहीं कूक रहे हैं।

अलमारी खुली पड़ी हुई फोटो सौ0 RExpress भारत
लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वे नेताओं के घरों को भी निशाना बनाने से नहीं कूक रहे हैं। ताजा मामला फुलवारिया मोड़ का है, जहां बेखौफ बदमाशों ने बीजेपी की महिला मंडल मंत्री विमलेश शर्मा के बंद घर पर धावा बोल दिया। चोरों ने घर का ताला तोड़कर वहां रखी भारी नकदी और लाखों रुपये के कीमती जेवरात साफ कर दिए और बड़े आराम से फरार हो गए।
रक्षाबंधन मनाने गया था परिवार
जानकारी के मुताबिक, मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के फुलवारिया मोड़ के पास बीजेपी मंडल मंत्री विमलेश शर्मा का मकान है। रक्षाबंधन के त्योहार के चलते विमलेश शर्मा अपनी मां और पूरे परिवार के साथ मौसी के घर गई हुई थीं। पूरा परिवार त्योहार की खुशियां मनाने में व्यस्त था और यहां उनका मकान पूरी तरह सूना पड़ा था। चोरों ने इसी सूनेपन का फायदा उठाया।
मेन गेट और अलमारी के ताले चटकाए
देर रात पहुंचे चोरों ने सबसे पहले मकान के मुख्य दरवाजे (मेन गेट) का ताला काटा। इसके बाद वे सीधे अंदर के कमरों में दाखिल हो गए। बदमाशों ने कमरों के ताले तोड़ने के बाद अलमारी और बक्सों को खंगाला। उसमें रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने और मोटी नकदी समेट ली। वारदात को अंजाम देकर चोर रात के अंधेरे में ही रफूचक्कर हो गए।
पड़ोसी की कॉल से उड़ा होश
इस बड़ी चोरी का पता सुबह तब चला जब पड़ोसियों की नजर घर के टूटे हुए तालों पर पड़ी। अनहोनी की आशंका होते ही पड़ोसी ने तुरंत विमलेश शर्मा को फोन घुमाया और घर में चोरी होने की बात बताई। यह सुनते ही पैरों तले जमीन खिसक गई। पूरा परिवार आनन-फानन में त्योहार छोड़कर अपने घर वापस लौटा।
पीड़ित मंडल मंत्री जब अपने घर पहुंचीं, तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गईं। सारा सामान बिखरा पड़ा था और कीमती चीजें गायब थीं। विमलेश शर्मा ने तुरंत इस घटना की खबर अपने इलाके के अन्य बीजेपी नेताओं और स्थानीय पुलिस को दी। बीजेपी नेता के घर इतनी बड़ी चोरी की बात सुनते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी और नेता जांच-पड़ताल में जुट गए हैं।

