काकोरी में मजदूर भाइयों के घर में दीवार काटकर घुसे चोर, 5 लाख के गहने और नकदी पार
3:52 PM, Sep 12, 2026
R Express भारत
Share:
लखनऊ के काकोरी इलाके से एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां चोरों ने एक गरीब मजदूर के आशियाने को अपना निशाना बना लिया।

लखनऊ के काकोरी में चोरी की बड़ी वारदात फोटो सौ0 RExpress भारत
उत्तर प्रदेश।लखनऊ के काकोरी इलाके से एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां चोरों ने एक गरीब मजदूर के आशियाने को अपना निशाना बना लिया। काकोरी के खालिसपुर गांव में शुक्रवार की देर रात अज्ञात चोरों ने एक मकान के पीछे की दीवार में बड़ी सेंध लगाई और अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद चोरों ने कमरे में रखी अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर करीब 5 लाख रुपये की ज्वेलरी और 58 हजार रुपये की गाढ़ी कमाई पर हाथ साफ कर दिया। सुबह जब परिवार के लोग जागे और सामान बिखरा देखा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई है।
मेहनत की कमाई पर फिरा पानी
जानकारी के मुताबिक, खालिसपुर गांव के रहने वाले चार सगे भाई मासूम अली, अकबर अली, महमूदे और आशिक अली एक ही बड़े मकान में अपने परिवार के साथ रहते हैं। ये सभी भाई बेहद साधारण पृष्ठभूमि से हैं और मजदूरी करके अपना घर चलाते हैं। इनमें से अकबर अली और महमूदे हरियाणा के पानीपत में एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं, जबकि आशिक अली खाड़ी देश में जरदोजी का काम कर परिवार का पेट पाल रहे हैं। घर पर मौजूद बड़े भाई मासूम अली ने बताया कि वे सभी पाई-पाई जोड़कर अपना जीवन बसर कर रहे थे, लेकिन चोरों ने उनकी सालों की जमा-पूंजी को पल भर में साफ कर दिया।
मकान बनाने के लिए जुटाए थे पैसे
पीड़ित मासूम अली ने रोते हुए बताया कि उनके भाई अकबर अली ने नया घर बनवाने का सपना देखा था, जिसके लिए उसने बड़ी मुश्किल से 50 हजार रुपये बचाकर घर में रखे थे। वहीं मासूम अली ने खुद भी अपनी मजदूरी से काट-काटकर 8 हजार रुपये जमा किए थे। चोरों ने इन दोनों भाइयों की नकदी के साथ-साथ महिलाओं के करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात भी बटोर लिए।
सुराख देखकर उड़े होश, जांच जारी
शनिवार सुबह जब घर की महिलाएं कमरे में गईं, तो वहां का नजारा देखकर चीख पड़ीं। अलमारी का ताला टूटा था और सारा कीमती सामान गायब था। जब उन्होंने ध्यान से देखा तो पीछे की दीवार कटी हुई थी। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मामले की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर ने बताया कि टीम ने मौके पर जाकर पूरे घटनास्थल को देखा है और पड़ोसियों से भी इनपुट लिया है। चोरों का सुराग लगाने के लिए पुलिस की टीमें लगी हुई हैं और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है।

