लखनऊ में अपराध, महंगाई और पेपर लीक के खिलाफ सड़कों पर उतरे हजारों सपा कार्यकर्ता, DM को सौंपा ज्ञापन
2:38 PM, Jun 17, 2026
R Express भारत
Share:
लखनऊ में बुधवार को राजनीतिक सरगर्मी चरम पर पहुंच गई। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर पार्टी के विभिन्न संगठनों ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था, बढ़ती महंगा

सड़कों पर उतरे हजारों सपा कार्यकर्ता सौ0 RExpress भारत
लखनऊ में बुधवार को राजनीतिक सरगर्मी चरम पर पहुंच गई। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर पार्टी के विभिन्न संगठनों ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था, बढ़ती महंगाई और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर एक विशाल धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान हजारों की संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और कलेक्ट्रेट की तरफ कूच कर जिलाधिकारी को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा।
इस बड़े प्रदर्शन का नेतृत्व मुख्य रूप से समाजवादी पार्टी की युवा और महिला इकाइयों ने किया। जिला कार्यालय पर सुबह से ही समाजवादी युवजन सभा, लोहिया वाहिनी और समाजवादी महिला सभा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का जुटना शुरू हो गया था। हाथों में लाल झंडे, तख्तियां और बैनर लिए कार्यकर्ताओं के जोश से पूरा माहौल सपा के रंग में रंग गया।
बड़े नेताओं की मौजूदगी में हुआ प्रदर्शन
प्रदर्शन को धार देने के लिए समाजवादी पार्टी के कई दिग्गज नेता भी जमीन पर उतरे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से वरिष्ठ नेता और सांसद आर. के. चौधरी, राष्ट्रीय प्रवक्ता जूही सिंह और सपा के महानगर अध्यक्ष समेत कई कद्दावर नेता मौजूद रहे। नेताओं ने मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मौजूदा सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा और इसे हर मोर्चे पर विफल बताया।
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि, उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। प्रदर्शन के दौरान प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध और असुरक्षा को लेकर महिला सभा ने कड़ा विरोध दर्ज कराया।घरेलू गैस, पेट्रोल-डीजल और रोजमर्रा की चीजों के बढ़ते दामों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले पेपर लीक मामलों को लेकर युवजन सभा और लोहिया वाहिनी के नेताओं ने सरकार को आड़े हाथों लिया।
छावनी में तब्दील रहा इलाका, भारी पुलिस बल तैनात
समाजवादी पार्टी के इस विशाल प्रदर्शन और आंदोलन की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन पहले से ही अलर्ट मोड पर था। सपा जिला कार्यालय और उसके आसपास के पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया था। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल, पीएसी और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी।प्रदर्शन के समापन पर सपा के शीर्ष प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें इन सभी जनविरोधी समस्याओं पर तुरंत ठोस कदम उठाने की मांग की गई है।

