गोसाईगंज में सुल्तानपुर हाईवे पर ट्रैक्टर पलटने से बाराबंकी के 4 मजदूरों की दर्दनाक मौत
2:04 PM, Aug 15, 2026
R Express भारत
Share:
लखनऊ के गोसाईगंज इलाके से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां सुल्तानपुर हाईवे पर एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भयानक था

गोसाईगंज में भीषण सड़क हादसा फोटो सौ0 RExpress भारत
लखनऊ के गोसाईगंज इलाके से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां सुल्तानपुर हाईवे पर एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भयानक था कि ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबने से चार मजदूरों की जान चली गई। ये सभी मृतक पड़ोसी जिले बाराबंकी के रहने वाले थे और मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालते थे।
तड़के सुबह हुआ हादसा, चीख-पुकार से दहल उठा इलाका
यह दर्दनाक वाकया शनिवार सुबह करीब पौने पांच बजे का है। गोसाईगंज के गंगागंज इलाके में सुल्तानपुर हाईवे रोड से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली गुजर रही थी। तभी अचानक ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर सड़क पर ही पलट गया। ट्रॉली पलटने से उस पर सवार चारों मजदूर भारी मलबे और ट्रैक्टर के नीचे बुरी तरह दब गए। सुबह के सन्नाटे में चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े। सूचना मिलते ही गोसाईगंज थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड और नेशनल हाईवे अथॉरिटी की टीमें तुरंत राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंच गईं।
मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया, पर नहीं बच सकी जान
हाईवे अथॉरिटी की क्रेन की मदद से भारी-भरकम ट्रैक्टर और ट्रॉली को सीधा किया गया। इसके बाद नीचे दबे चारों लोगों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने तुरंत 108 एम्बुलेंस बुलाकर सभी को गोसाईगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने शुरुआती जांच में ही तीन मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। वहीं चौथे मजदूर की हालत बेहद नाजुक देखते हुए उसे तुरंत लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया।
ईंट भट्ठे पर काम करते थे सभी मृतक
जांच में पता चला है कि, मृतक पीतांबर रावत, बाराबंकी के कोठी थाना क्षेत्र के अचकाकामऊ गांव में स्थित देशराज के ईंट भट्ठे पर ट्रैक्टर चलाता था। बाकी के तीनों युवक भट्ठे पर ही ईंट लादने और उतारने की मजदूरी करते थे। हादसे की खबर मिलते ही रोते-बिलखते परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं। इस हादसे के बाद मृतकों के घरों में कोहराम मच गया है।
हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान 25 वर्षीय संदीप रावत,35 वर्षीय पीतांबर रावत, 25 वर्षीय पवन रावत निवासी- इलिचपुर, कोठी, बाराबंकी और बलराम रावत निवासी- सरायनदर, कोठी, बाराबंकी के रूप में हुई है। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को हाईवे से हटाकर किनारे कर दिया है, जिससे यातायात पूरी तरह सामान्य रूप से चल रहा है। पुलिस शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

