सीढ़ी चोरी के आरोप में दो को लोहे की जंजीरों से जकड़ा, बीच सड़क पर तमाशा
7:12 PM, Jul 21, 2026
R Express भारत
Share:
लखनऊ के रायबरेली रोड स्थित तेलीबाग इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ सेनानी विहार मोड़ पर स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक शोरूम के बाहर सरेआम कान

सीढ़ी चोरी के आरोप में दो को लोहे की जंजीरों से जकड़ा फोटो सौ0 RExpress भारत
उत्तर प्रदेश। लखनऊ के रायबरेली रोड स्थित तेलीबाग इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ सेनानी विहार मोड़ पर स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक शोरूम के बाहर सरेआम कानून की धज्जियां उड़ाई गईं। शोरूम के कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों ने चोरी के एक संदेही को पकड़कर उसे पुलिस के हवाले करने के बजाय लोहे की भारी-भरकम जंजीरों से बांध दिया। इसके बाद बीच सड़क पर घंटों उसका तमाशा बनाया गया।
सीसीटीवी फुटेज से खुला था मामला
जानकारी के मुताबिक, कुछ दिनों पहले इस इलेक्ट्रॉनिक शोरूम के बाहर फुटपाथ पर लोहे की एक सीढ़ी रखी हुई थी। घात लगाकर बैठे एक चोर ने मौका मिलते ही सीढ़ी का एक हिस्सा पार कर दिया। दुकानदारों को जब इस चोरी का पता चला, तो उन्होंने शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में एक युवक चोरी की इस पूरी वारदात को अंजाम देते हुए साफ नजर आ रहा था। तभी से शोरूम के गार्ड और कर्मचारी उसकी तलाश में जुटे थे।
मंगलवार को वही संदेही युवक दोबारा शोरूम के आस-पास घूमता हुआ दिखाई दे दिया। सीसीटीवी की फुटेज दिमाग में रखे सुरक्षाकर्मियों ने बिना वक्त गंवाए उसे तुरंत पहचान लिया और दौड़कर दबोच लिया। इसके बाद जो कुछ भी हुआ, उसने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
कानून हाथ में लेकर सड़क पर घुमाया
युवक को पकड़ने के बाद शोरूम के कर्मचारियों ने आपा खो दिया। उन्होंने तुरंत लोहे की एक मोटी जंजीर मंगवाई और युवक को उसमें पूरी तरह जकड़ दिया। बात सिर्फ बांधने तक ही सीमित नहीं रही। कर्मचारियों ने खुद ही जज और पुलिस की भूमिका अपना ली और सड़क किनारे ही उससे कड़ी पूछताछ शुरू कर दी।हद तो तब हो गई जब भीड़ उस बंधे हुए युवक को जंजीर समेत बाजार की सड़कों पर घुमाने लगी। लोग उससे यह उगलवाने की कोशिश कर रहे थे कि उसने चोरी की हुई सीढ़ी का वह हिस्सा आखिर किस कबाड़ी या दुकानदार को बेचा है। इस दौरान सड़क पर भारी भीड़ जमा हो गई और काफी देर तक हंगामा चलता रहा।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
बीच सड़क पर जंजीर में बंधे इंसान को घूमता देख किसी ने इस बात की जानकारी साउथ सिटी पुलिस चौकी को दी। सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत युवक को जंजीरों से आजाद कराया और उसे हिरासत में लेकर चौकी ले आई।
पुलिस इस पूरे मामले की दोतरफा जांच कर रही है। पहली जांच उस युवक पर है जिसने शोरूम के बाहर से सीढ़ी चोरी की थी। वहीं, दूसरी और सबसे बड़ी जांच शोरूम के कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों पर है, जिन्होंने कानून को अपने हाथ में लिया। पुलिस शोरूम के स्टाफ से पूछताछ कर रही है कि, आखिर उन्होंने युवक को पकड़ने के तुरंत बाद पुलिस को फोन क्यों नहीं किया और उसे इस तरह बंधक बनाकर क्यों रखा गया।

