दुबग्गा में अनियंत्रित ट्रक ने रैपिडो बाइक को मारी टक्कर; चालक की मौत, प्रयागराज का यात्री गंभीर
2:56 PM, Jun 3, 2026
R Express भारत
Share:
दुबग्गा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक तेज़ रफ़्तार अनियंत्रित ट्रक ने रैपिडो बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हा

अनियंत्रित ट्रक ने रैपिडो बाइक को मारी टक्कर सौ0 RExpress भारत
लखनऊ। दुबग्गा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक तेज़ रफ़्तार अनियंत्रित ट्रक ने रैपिडो बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुँची स्थानीय पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से दोनों को तत्काल केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने रैपिडो चालक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल यात्री की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
सुबह-सुबह काम पर निकला था अमृतलाल
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से जनपद गोण्डा के ताबेपुर, पतीजिया बुजुर्ग के रहने वाले 21 वर्षीय अमृतलाल लखनऊ में रहकर अपनी आजीविका कमाते थे। वह गोमती नगर विस्तार के खरगापुर इलाके में किराए का कमरा लेकर रहते थे और शहर में रैपिडो बाइक टैक्सी चलाने का काम करते थे। परिजनों ने बताया कि अमृतलाल बेहद मेहनती युवक थे और अपने तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनकी असमय मौत की खबर मिलते ही पिता रामपाल और माँ सुदामा देवी सहित पूरे परिवार में कोहराम मच गया है।
पीछे से काल बनकर आया ट्रक
मृतक के भाई आकाश ने बताया कि, बुधवार सुबह करीब 7:00 बजे अमृतलाल एक सवारी को लेकर दुबग्गा क्षेत्र की तरफ जा रहे थे। बाइक पर पीछे बैठे यात्री की पहचान विपुल कुमार द्विवेदी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से प्रयागराज के निवासी हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक जैसे ही दुबग्गा इलाके में पहुँची, तभी पीछे से आ रहे एक ट्रक के चालक ने लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल में सीधी टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के वक्त अमृतलाल ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन ट्रक की रफ्तार और टक्कर का प्रभाव इतना घातक था कि उन्हें बचाया नहीं जा सका।
वाहन छोड़कर भागा आरोपी चालक
दुबग्गा पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के ठीक बाद आरोपी ट्रक चालक मौके पर ही अपना वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश के लिए आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि, शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर-इरादतन हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।इस घटना ने एक बार फिर राजधानी की सड़कों पर भारी वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

