होमवीडियो
ब्रेकिंग
sliderimg

नवजात की मौत पर सीएचसी में हंगामा, नशे में धुत युवक ने लेबर रूम में की तोड़फोड़

4:42 PM, Sep 11, 2026

मुस्कान​ सिंह
R Express भारत

Share:

लखनऊ के गुडंबा इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ के एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में नवजात बच्चे की मौत के बाद एक युवक ने जमक

नवजात की मौत पर सीएचसी में हंगामा, नशे में धुत युवक ने लेबर रूम में की तोड़फोड़

नवजात की मौत पर सीएचसी में हंगामा फोटो सौ0 RExpress भारत

उत्तर प्रदेश। लखनऊ के गुडंबा इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ के एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में नवजात बच्चे की मौत के बाद एक युवक ने जमकर बवाल काटा। आरोप है कि युवक शराब के नशे में पूरी तरह धुत था। उसने न सिर्फ अस्पताल के स्टाफ के साथ बदसलूकी और गाली-गलौज की, बल्कि लेबर रूम के दरवाजे को भी तोड़ डाला। इस हंगामे के बाद अस्पताल प्रशासन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

इलाज के दौरान तोड़ा दम

मिली जानकारी के मुताबिक, कुर्सी रोड के आधारखेड़ा गाँव की रहने वाली एक 16 वर्षीय किशोरी को प्रसव (डिलिवरी) के लिए अस्पताल लाया गया था। उसे आकाश नाम का युवक दोपहर के वक्त अस्पताल लेकर पहुँचा था। शाम को किशोरी ने एक बच्चे को जन्म दिया, लेकिन पैदा होते ही नवजात की तबीयत काफी खराब थी। डॉक्टरों ने बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे तुरंत गोलागंज के वीरांगना अवंतीबाई अस्पताल (डफरिन) के लिए रेफर कर दिया। आकाश बच्चे को लेकर बड़े अस्पताल के लिए निकला, लेकिन बदकिस्मती से रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया।

शराब के नशे में काटा बवाल

बच्चे की मौत से गुस्साया आकाश रात के वक्त वापस गुडंबा अस्पताल पहुँचा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वह बुरी तरह शराब के नशे में था। अस्पताल आते ही उसने मरीज को जबरन छुट्टी दिलाने के लिए डॉक्टरों और नर्सों पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। स्टाफ ने स्थिति को संभालते हुए कागजी कार्रवाई पूरी कर दी, लेकिन इसके बावजूद आकाश का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उसने अस्पताल कर्मियों को भद्दी-भद्दी गालियाँ देना शुरू कर दिया।

सीसीटीवी में कैद हुई करतूत

हंगामा इतना बढ़ गया कि युवक ने लेबर रूम के दरवाजे पर लात-घूंसे चलाकर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान अस्पताल में भर्ती अन्य मरीज और उनके परिवार वाले भी सहम गए। हंगामा करने के बाद युवक मरीज को साथ लेकर वहाँ से चला गया। अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि यह पूरी घटना वहाँ लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। अस्पताल के प्रभारी दीपक सिंह ने इस घटना की लिखित शिकायत गुडंबा थाने में दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन

विज्ञापन

सम्बंधित खबर

अपना शहर

और देखें

विज्ञापन

Follow Us:

Download App

Play Store

Subscribe Now

Play StoreR Express Bharat
Develop & Design by SpriteEra IT Solutions

Copyright © RexpressBharat, 2026