चिनहट में मौत बनकर टूटी दीवार, मलबे में दबे दो लोग, हालत नाजुक
1:32 PM, Aug 10, 2026
R Express भारत
Share:
लखनऊ के चिनहट इलाके में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जहां एक गोदाम की दीवार अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गई।

भरभराकर गिरी गोदाम की दीवार फोटो सौ0 RExpress भारत
लखनऊ के चिनहट इलाके में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जहां एक गोदाम की दीवार अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गई। इस दर्दनाक हादसे की चपेट में आने से वहां मौजूद दो लोग मलबे में दबकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चीख-पुकार सुनकर दौड़े स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत काम शुरू किया और मामले की जानकारी पुलिस को दी।
अस्पताल के पास अचानक गिरी दीवार
यह पूरी घटना चिनहट कोतवाली क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि, सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे महात्मा गांधी अस्पताल के पास रामसागर तट पर स्थित एक पुराने गोदाम की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार इतनी कमजोर हो चुकी थी कि वहां मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। तेज आवाज के साथ पूरी दीवार सड़क की तरफ आ गिरी, जिसकी चपेट में वहां से गुजर रहे और काम कर रहे लोग आ गए।
मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया
हादसा होते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय निवासियों ने अपनी सूझबूझ से तुरंत मलबे को हटाना शुरू किया। मलबे के नीचे दबे दो लोगों को बेहद नाजुक हालत में बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही चिनहट थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दोनों घायलों के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, दोनों की हालत फिलहाल चिंताजनक बनी हुई है।
इस घटना ने एक बार फिर इलाके में बनी पुरानी और जर्जर व्यावसायिक इमारतों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गोदाम की इस दीवार में पहले से ही दरारें थीं, लेकिन मालिक ने इसकी मरम्मत पर कोई ध्यान नहीं दिया। लापरवाही की वजह से आज दो मासूम लोग जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे हैं।
आगे की कार्रवाई में जुटी टीम
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने मामले को शांत कराया और मलबा हटवाने का काम तेज किया ताकि रास्ता साफ हो सके। पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि गोदाम किसका है और नियमों को ताक पर रखकर इसे कैसे चलाया जा रहा था। हादसे के असली कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

