होमवीडियो
ब्रेकिंग
sliderimg

रोजगार छीनने वाले नहीं कर सकते अयोध्या, मथुरा और काशी का विकास, सीएम योगी का तंज

7:14 PM, Jul 11, 2026

मुस्कान​ सिंह
R Express भारत

Share:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि, जो लोग नौजवानों का रोजगार छीनने का पाप करते थे, वे अयोध्या, मथुरा व काशी के ब

रोजगार छीनने वाले नहीं कर सकते अयोध्या, मथुरा और काशी का विकास, सीएम योगी का तंज

सीएम योगी की फोटो सौ0 RExpress भारत

उत्तर प्रदेश। कुशीनगर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि, जो लोग नौजवानों का रोजगार छीनने का पाप करते थे, वे अयोध्या, मथुरा व काशी के बारे में कैसे सोच सकते थे। ये लोग मंदिरों के नाम पर आने वाले पैसे को हजम कर जाते थे। मंदिरों पर कब्जा करवाते थे। आज उन्हीं मंदिरों का पुनरुद्धार हो रहा है, सौंदर्यीकरण हो रहा है। मंदिरों का पैसा कब्रिस्तान की बाउंड्रीवाल पर खर्च करने वाले लोगों का विकास पर बात करना शोभा नहीं देता।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कुशीनगर में 525 करोड़ रुपये की लागत से 464 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। ये परियोजनाएं रामकोला, हाटा और कुशीनगर विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित हैं। इस मौके पर सीएम योगी ने बुजुर्गों को सम्मानित करने के साथ ही लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, चेक व स्वीकृति पत्र भी वितरित किए।

इंसेफेलाइटिस पर किया निर्णायक नियंत्रण

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले कुशीनगर इंसेफेलाइटिस (दिमागी बुखार), पिछड़ेपन और पलायन जैसी गंभीर समस्याओं के लिए जाना जाता था, लेकिन वर्तमान सरकार की प्रभावी रणनीति और निरंतर प्रयासों से इस चुनौती पर निर्णायक नियंत्रण स्थापित किया गया है। सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, स्वच्छता, टीकाकरण और जागरूकता अभियानों के माध्यम से इंसेफेलाइटिस के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए।

मुसहर परिवारों को मुख्यधारा से जोड़ा गया

सीएम ने कहा कि जो लोग वर्षों तक गरीबों के नाम पर राजनीति करते रहे, उन्होंने मुसहर समाज जैसे वंचित वर्गों को मूलभूत सुविधाओं से भी वंचित रखा। वर्तमान सरकार ने ऐसे परिवारों को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया है। मुसहर परिवारों को पक्के आवास, भूमि के पट्टे, आयुष्मान भारत स्वास्थ्य कार्ड, निःशुल्क राशन, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन तथा बिजली कनेक्शन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे उनमें सम्मान, सुरक्षा और स्वतंत्र भारत के समान अधिकार प्राप्त नागरिक होने का आत्मविश्वास पैदा हुआ है।

शिक्षकों व कर्मचारियों को बड़ा सुरक्षा कवच

मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था पर सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति दोहराते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार में गुंडागर्दी व दंगाइयों के लिए कोई स्थान नहीं है। उत्तर प्रदेश आज दंगा मुक्त राज्य के रूप में स्थापित हुआ है- नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में अब सब चंगा। दुर्गा पूजा, रामनवमी, जन्माष्टमी, होली सहित सभी प्रमुख त्योहार विभिन्न समुदायों द्वारा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जा रहे हैं। सरकार ने शिक्षा से जुड़े कर्मियों का सामाजिक सुरक्षा कवच मजबूत किया है। बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इन सबको एक्सिडेंटल इंश्योरेंस कवर भी दिया गया है।

जेवर व गया से जोड़ा जाएगा कुशीनगर एयरपोर्ट

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुशीनगर को कनेक्टिविटी, पर्यटन, कृषि और रोजगार के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट को जेवर व गया से जोड़ने की तैयारी चल रही है। नए विमान उपलब्ध होने के बाद यहां से हवाई सेवाओं का विस्तार होगा। खड्डा क्षेत्र में नारायणी नदी पर लगभग 800 करोड़ रुपये की लागत से नए सेतु का निर्माण कराया गया है, जबकि रामकोला-कसया मार्ग के चौड़ीकरण का प्रस्ताव भी जल्द मंजूर किया जाएगा।

मंदिरों के सौंदर्यीकरण एवं पुनरुद्धार का कार्य जारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को बेहतर अवसर देने के लिए कुशीनगर में कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की स्थापना की गई है, जहां इसी शैक्षणिक सत्र से प्रवेश शुरू होंगे। केला उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए टिश्यू कल्चर लैब की आधारशिला रखी गई है। निवेश और रोजगार अब केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं, बल्कि पूर्वांचल के कुशीनगर और गोरखपुर जैसे क्षेत्रों में भी ये तेजी से बढ़ रहे हैं। सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में मंदिरों के सौंदर्यीकरण व पुनरुद्धार का कार्य कराया जा रहा है। कुशीनगर में रामाभार स्तूप के निकट बौद्ध घाट तथा हिरण्यवती नदी के किनारे पर्यटक सुविधाओं का भी विकास किया जा रहा है।

बचपन सुरक्षित तो देश का भविष्य भी सुरक्षित

कार्यक्रम में सीएम ने दो वरिष्ठ कार्यकर्ताओं 110 वर्षीय राम विलास भगत व 104 वर्षीय राम प्रसाद साहनी को सम्मानित करते हुए कहा कि इन लोगों ने एक विचारधारा, मूल्यों और सिद्धांतों के साथ जुड़े रहकर अपना पूरा जीवन समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने दो बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया और कहा कि डबल इंजन सरकार ने इनके भविष्य को सुरक्षित किया है। आज बचपन सुरक्षित होगा तो कल देश का भविष्य भी सुरक्षित होगा।

लाभार्थियों को मिले प्रमाण पत्र, चेक व स्वीकृति पत्र

आशा देवी (मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत चेक)

संजू (मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत चेक)

लालती देवी, सुनैना देवी, किरन उपाध्याय, परमावती देवी, सेहरुन्निसा (राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत चेक)

राजू प्रजापति (कृषि यंत्र के लिए चाबी)

सूरज कुमार यादव (मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत चेक)

नर्वदा देवी (सिलाई मशीन)

रंजना देवी (प्रशस्ति पत्र)

फनीश तिवारी (किसान क्रेडिट कार्ड चेक)

अखिलेश सिंह (किसान क्रेडिट कार्ड चेक)

इस अवसर पर मंत्री दारा सिंह चौहान, राज्यसभा सांसद आरपीएन सिंह, कुशीनगर के सांसद विजय दुबे, गोरखपुर के सांसद रवि किशन, विधायक पीएन पाठक, मोहन वर्मा, विनय प्रकाश गौड़, विवेकानंद पाण्डेय, मनीष जायसवाल, डॉ. असीम कुमार राय, सुरेंद्र कुशवाहा, विधान परिषद सदस्य डॉ. रतनपाल सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सावित्री जायसवाल, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य फूलबदन कुशवाहा, जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, ब्लॉक प्रमुख विशाल सिंह आदि मौजूद रहे।

विज्ञापन

विज्ञापन

सम्बंधित खबर

अपना शहर

और देखें

विज्ञापन

Follow Us:

Download App

Play Store

Subscribe Now

Play StoreR Express Bharat
Develop & Design by SpriteEra IT Solutions

Copyright © RexpressBharat, 2026