तीन दिन के दुधमुंहे बच्चे को घर में छोड़ गई महिला, पीड़ित पिता ने पुलिस से लगाई गुहार
5:09 PM, Aug 12, 2026
R Express भारत
Share:
मोहनलालगंज में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक कलयुगी मां अपने महज तीन दिन के दुधमुंहे बच्चे को घर में अकेला छोड़कर मायके चली गई।

पिता लगा रहा पुलिस से न्याय की गुहार फोटो सौ0 RExpress भारत
मोहनलालगंज में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक कलयुगी मां अपने महज तीन दिन के दुधमुंहे बच्चे को घर में अकेला छोड़कर मायके चली गई। भूख-प्यास से बेहाल मासूम लगातार रो रहा है, जबकि बेबस पिता पुलिस और प्रशासन से गुहार लगा रहा है। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
डेबरिया गांव के निवासी अरविंद का विवाह करीब एक वर्ष पूर्व गोसाईगंज की रहने वाली रीता के साथ हुआ था। परिजनों के अनुसार, शादी के बाद से ही घर में कलह का माहौल रहता था। अरविंद का आरोप है कि, रीता आए दिन उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करती थी, जिससे पूरा परिवार मानसिक रूप से परेशान रहता था। इसी बीच रीता ने एक बच्चे को जन्म दिया।
मासूम को छोड़ रात में हुई फरार
अरविंद ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि बुधवार तड़के करीब एक बजे रीता तीन दिन के नवजात बच्चे को बिस्तर पर अकेला छोड़कर चुपचाप अपने मायके चली गई। सुबह जब बच्चे के रोने की आवाज आई, तब परिजनों को उसके जाने की जानकारी हुई।
भूख से बिलख रहा नवजात
मां के अचानक चले जाने के बाद से तीन दिन का मासूम दूध के लिए लगातार बिलख रहा है। पीड़ित पिता अरविंद ने बताया कि उसने रीता को कई बार फोन किया और संदेश भेजकर बच्चे का वास्ता देते हुए वापस लौटने की मिन्नतें कीं, लेकिन रीता का दिल नहीं पसीजा और उसने आने से साफ मना कर दिया। इतनी कम उम्र के बच्चे की मां के बिना देखभाल करना पिता और पूरे परिवार के लिए बेहद मुश्किल साबित हो रहा है।
पीड़ित पिता ने पुलिस से गुहार लगाई है कि, उसकी पत्नी को बुलाकर बच्चे के पालन-पोषण की व्यवस्था कराई जाए। अरविंद ने रीता पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसे अपनी पत्नी से जान का खतरा है। उसने आशंका जताई कि रीता किसी दिन उसकी हत्या करा सकती है। अरविंद ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि इस दौरान नवजात बच्चे के साथ कोई अनहोनी होती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी रीता की होगी।
इस संबंध में मोहनलालगंज के प्रभारी निरीक्षक रामबाबू सिंह ने बताया कि, पीड़ित पिता की ओर से प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पूछताछ की जाएगी और नियमानुसार उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

