होमवीडियो
ब्रेकिंग
sliderimg

साले-साढू संग काम पर निकला युवक मिला मृत, भाई ने जताया हत्या का शक

6:07 PM, Jul 31, 2026

मुस्कान​ सिंह
R Express भारत

Share:

आशियाना और सुशांत गोल्फ सिटी इलाके के बीच एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। तीन दिनों से लापता चल रहे 30 साल के प्लंबर सोनू गौतम की लाश मिलने के बाद

साले-साढू संग काम पर निकला युवक मिला मृत, भाई ने जताया हत्या का शक

सोनू गौतम की फोटो सौ0 RExpress भारत

लखनऊ।आशियाना और सुशांत गोल्फ सिटी इलाके के बीच एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। तीन दिनों से लापता चल रहे 30 साल के प्लंबर सोनू गौतम की लाश मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। इस पूरे मामले में सबसे बड़ा ट्विस्ट तब आया जब मृतक के भाई ने अपने ही भाई के साले और साढू पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कड़ी पूछताछ की मांग कर दी। भाई का सीधा सवाल है कि जब सोनू को आशियाना के पास छोड़ा गया था, तो वह सुशांत गोल्फ सिटी के पास खून से लथपथ हालत में कैसे मिला।

ससुराल से लखनऊ आया था सोनू

मिली जानकारी के मुताबिक, आशियाना के किला गांव का रहने वाला सोनू गौतम प्लंबर का काम करके अपने परिवार का पेट पालता था। सोनू की पत्नी पिंकी इस समय गर्भवती हैं, जिसकी वजह से सोनू पिछले कुछ दिनों से पत्नी और अपने बेटे प्रिंस के साथ बाराबंकी के दरसनिया स्थित अपनी ससुराल में रह रहा था।

27 जुलाई को सोनू अपने साले तिलक और साढू के साथ उनकी मोटरसाइकिल पर बैठकर काम के सिलसिले में लखनऊ आया था। तिलक का दावा है कि लखनऊ आने के बाद उसने अपने बहनोई सोनू को आशियाना के किला चौराहे पर छोड़ दिया था और खुद वापस चला गया था।

चौराहे से लापता हुआ, सीधे अस्पताल में मिली लाश

तिलक के छोड़ने के बाद जब सोनू रात तक वापस घर नहीं पहुंचा, तो उसके भाई अंशु ने उसकी तलाश शुरू की। जब काफी खोजने के बाद भी सोनू का कहीं पता नहीं चला, तो अंशु ने बाराबंकी में अपनी भाभी पिंकी को इसकी जानकारी दी। आनन-फानन में पत्नी पिंकी बाराबंकी से लखनऊ आई और 29 जुलाई को आशियाना थाने में सोनू की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।

पुलिस जब सोनू को तलाश रही थी, तभी एक कड़वा सच सामने आया। पता चला कि जिस 27 जुलाई को सोनू लापता हुआ था, उसी दिन सुशांत गोल्फ सिटी के अहिमामऊ रोड के किनारे वह बेहद गंभीर हालत में तड़पता हुआ मिला था। पुलिस ने राहगीरों की सूचना पर एम्बुलेंस बुलाई और उसे इलाज के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल भेजा, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पहचान न होने के कारण पुलिस ने शव को अज्ञात में पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया था। शुक्रवार सुबह जब भाई अंशु ने पोस्टमार्टम हाउस जाकर देखा, तो उसकी आंखें फटी रह गईं। वह शव उसके भाई सोनू का ही था।

भाई ने उठाए सवाल: 'साले और साढू कुछ छुपा रहे हैं'

सोनू की मौत के बाद उसके भाई अंशु ने ससुराल पक्ष पर गहरा शक जताया है। अंशु का कहना है कि, जब साले और साढू ने सोनू को किला चौराहे पर उतार दिया था, तो वह वहाँ से कई किलोमीटर दूर सुशांत गोल्फ सिटी के अहिमामऊ कैसे पहुँच गया। तीनों के बीच रास्ते में ज़रूर कोई ऐसी बात या विवाद हुआ है जिसे साला और साढू मिलकर छुपा रहे हैं। अंशु ने पुलिस से मांग की है कि इन दोनों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की जाए, तभी मौत का असली सच सामने आएगा।

पुलिस की थ्योरी: हादसे का शिकार हुआ सोनू

दूसरी तरफ, इस मामले में पुलिस का कहना कुछ और ही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 27 जुलाई को सोनू को इलाके में शराब के नशे की हालत में घूमते हुए देखा गया था। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान किसी अज्ञात तेज रफ्तार गाड़ी ने उसे जोरदार टक्कर मार दी और ड्राइवर मौके से भाग निकला। फिलहाल पुलिस इस मामले को 'हिट एंड रन' मानकर चल रही है, लेकिन परिवार के आरोपों के बाद पुलिस अब हर एंगल से मामले की जांच में जुट गई है।

विज्ञापन

विज्ञापन

सम्बंधित खबर

अपना शहर

और देखें

विज्ञापन

Follow Us:

Download App

Play Store

Subscribe Now

Play StoreR Express Bharat
Develop & Design by SpriteEra IT Solutions

Copyright © RexpressBharat, 2026